DhanbadJharkhand

धनबाद: कोयला तस्करों की दबंगई, थाने में घुसकर पुलिस को पीटा

Manoj Mishra

Dhanbad: धनबाद में कोयला तस्करों ने दंबगई दिखाते हुए खरखरी ओपी में तैनात सिपाही संतोष राम की पिटाई की है. बताया जा रहा है कि कोयला तस्कर पुलिस की कार्रवाई से नाराज थे. फलस्वरूप, कोयला तस्करों ने खरखरी ओपी में घुसकर सिपाही संतोष राम के साथ मारपीट की है. तस्करों के हमले में घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना के बाद ओपी परिसर में कोयला तस्कर हंगामा करते रहे और एएसआई और सिपाही मूकदर्श बने देखते रहे. घटना के वक्त ओपी में एएसआई सत्येंद्र सिंह और सिपाही संतोष राम ही मौजूद थे. एक अन्य सिपाही छुट्टी पर थे. जबकि ओपी प्रभारी दिनेश मुंडा अपने साथ एक सिपाही को लेकर मधुबन थाना गए थे. इसी बीच ये घटना घटी.

पूरी घटना की सूचना एएसआई के द्वारा वरीय अधिकारियों को दी गई. जिसके बाद पुलिस की दूसरी टीम दल बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस के आने की भनक लगते ही सभी कोयला तस्कर मौके से भाग निकले. पूरे मामले में पुलिस तीन युवकों से पूछताछ कर रही है.

इसे भी पढ़ें :  जमशेदपुर : मानगो न्यू आदर्श कॉलोनी में जर्जर बिजली पोल बना परेशानी का सबब, कभी भी घट सकती है बड़ी दुर्घटना

जानकारी के मुताबिक, सिपाही संतोष राम के साथ मारपीट करने वाला आरोपी कोयला तस्कर था. जो सिपाही को अपने साथ बांसजोड़ा ले जाने की कोशिश कर रहा था. सिपाही के शोर मचाने के बाद एएसआई मौके पर पहुंचे और संतोष राम को कोयला तस्करों के चंगुल से छुड़वाया.

बाघमारा एसडीपीओ निशा मुर्मू ने बताया कि पूरे घटना में सिपाही को चोट लगी है. बताया जा रहा है कि पुलिस के द्वारा पांडुआ भीठा के नजदीक पोखरिया से छापेमारी कर अवैध कोयला को जब्त कर खरखरी ओपी लाया गया था. जिसके बाद स्कॉर्पियो में सवार चार युवक ओपी पहुंचे और हंगामा करने लगे. सिपाही के द्वारा विरोध करने पर युवको ने पिटाई कर दी. घायल सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

उल्लेखनीय है कि सोमवार, 18 मार्च की देर रात खरखरी ओपी अंतर्गत बंद पड़ी मधुबन कोलियरी में पंडुआभीठा बस्ती के समीप पोखरिया के पास अवैध कोयला उत्खनन को लेकर दो गुटों में जमकर बवाल हुआ था. ग्रामीणों की ओर से अवैध उत्खनन का विरोध किए जाने पर कोल तस्करों के गुर्गों ने अंधाधुंध फायरिंग व बमों का धमाका कर इलाके में दहशत फैला दिया. इस दौरान करीब 17 राउंड हवाई फायरिंग और 4 बम धमाके किए जाने की बात सामने आया. पुलिस ने आठ खोखा बरामद किया. जवाब में आक्रोशित ग्रामीणों ने भी अवैध उत्खनन में लगी जेसीबी मशीन में आग लगा दी.

मालूम हो कि इनदिनों खरखरी ओपी, मधुबन थाना क्षेत्र, महुदा, बरोरा आदि थाना क्षेत्रों में कारू यादव, गुड्डू शेख, डब्ल्यू शेख, अशोक यादव, लालटू, मिथलेश सिंह नामक शख्स का सिंडिकेट बड़े पैमाने पर कोयला तस्करी को अंजाम दे रहा है. प्रति दिन 15-20 ट्रक कोयला तस्करी की जाती है.

पांडुआ भीठा के नजदीक पोखरिया, मधुबन कोलियरी, ब्लॉक टु परियोजना, फुलारीटॉड कोलियरी चानक आदि परियोजना से प्रतिदिन लाखो रूपये के कोयला की तस्करी किया जाता है. मधुबन थाना अंतर्गत फुलारीटांड़ आशाकोठी खटाल के समीप, फुलारीटांड़ आउटसोर्सिग पैच, डेको आउटसोर्सिग पैच आदि स्थानों पर कारु यादव और शेख गुड्डू की तुती बोलती है. साल 2019 से अबतक इनपर कोयला तस्करी के कई मामले दर्ज हुए हैं. वहीं इनके सहयोगी लालटू, अशोक यादव, डब्ल्यू शेख पर भी कोयला तस्करी के मामले दर्ज हैं. कहा जाता है कि मिथलेश सिंह इन तस्करों के सिंडिकेट का रहनुमा और फाइनेंसर हैं. वहीं बताया जाता है कि धनबाद का एक मीडिया कर्मी इनके लिए लाइजनर की भूमिका निभाता है.

इसे भी पढ़ें :  Chaibasa Chamber Protest : झारखंड राज्य कृषि उपज एवं पशुधन विपणन विधेयक 2022 के व‍िरोध में रैली, रखी ये मांग

बता दें कि अवैध खनन कर धनबाद में करीब 900-1000 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार होता है. कोयला धनबाद से बंगाल तक फैले कोक भट्ठों के साथ यूपी बिहार की मंडियों तक भेजा जाता है. कोयला के अवैध कारोबार से जुड़े लोग मानते हैं कि महीने में 75-90 हजार टन कोयले का अवैध खनन होता है. हां, प्रशासन और सीआइएसएफ से छूट मिल गई तो यह आंकड़ा सौ करोड़ भी छू जाता है. अहम बात ये कि जान हथेली पर लेकर खनन करने वाले कामगारो को प्रति किलो दो से ढाई रुपये ही मिलते हैं. जबकि उनका यही कोयला प्रतिकिलो दस रुपये या उससे अधिक की दर में तस्कर बेच लेते हैं. इसके लिए खाकी को भी साधना होता है. प्रति किलो पर दो रुपये खाकी की जेब में जाते हैं. इसमें बड़े साहब से लेकर स्थानीय पुलिस तक का हिस्सा रहता है. खादी भी इस गंगा में हाथ धो लेती है और कमा लेती है सालाना 180 करोड़ का नजराना.

पुलिस के संरक्षण में सबकुछ…

तस्करी के इस निजाम के लिए सबसे अहम है पुलिस की हरी झंडी. बिना रकम लगाए यह नहीं मिलती. अवैध कारोबार से जुड़ा कारोबारी दबे स्वर में बताते हैं कि मजदूर खून जलाते हैं, पूंजी हम लगाते हैं और पुलिस बड़े सिरिंज से खून निकाल माल डकारती है. क्या करें, कुर्सी के इशारे के बिना काम भी नहीं कर सकते हैं ना. कोयला भट्ठा या डिपो संचालक प्रति टन 17 सौ रुपये से दो हजार तक पुलिस को देते हैं. यह रुपये अधिकारी नहीं बल्कि अधिकारियों के कारिंदे वसूलते है, वसूली गई रकम का दस प्रतिशत खुद रखते हैं. और तो और अवैध डिपो चालू करने के लिए प्रारंभिक रकम के तौर पर ही 10 लाख रुपये पुलिस लेती है. प्रति टन वसूली अगल से. यदि गाड़ी में 30 टन लदा है तो करीब 60 हजार नजराना देना ही होगा.

वहीं चोरी के कोयले को दूसरे प्रदेश भेजना है तो बाकायदा पेपर बनाए जाते हैं. इसके बाद रास्ते की पुलिस को भी साध लिया जाता है. चिरकुंडा का एक धंधेबाज व मैथन रोड के दो युवक तथा धनबाद एवं झरिया का एक शातिर कागज उपलब्ध कराने का धंधा करते हैं. इनकी पुलिस से भी पकड़ होती है. इनका काम ये है कि पुलिस को पैसा देकर सुरक्षित तरीके से कोयले के ट्रकों को मंडियों तक पहुंचाना.

इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

Related Articles

Back to top button