
Jamshedpur : धालभूमगढ़ प्रखंड सभागार में उप विकास आयुक्त प्रदीप प्रसाद ने समीक्षा बैठक कर मनरेगा योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में कार्य प्रगति की जानकारी ली. मनरेगा योजना की समीक्षा के क्रम में सभी पंचायत सेवक एवं रोजगार सेवक को अपने पंचायत अंतर्गत चल रही योजनाओं में शत प्रतिशत मजदूरी का भुगतान एवं योजना को ससमय पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया गया. प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को अनुश्रवण हेतु निर्देशित किया गया.
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत धालभूमगढ़ प्रखंड में निर्माणाधीन आवासों के दैनिक अनुश्रवण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया. समीक्षा के क्रम में पंचायत सचिव एवं प्रखंड समन्वयक को नियमित अनुश्रवण करते हुए जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. प्रखंड समन्वयक एवं सभी संबंधित पंचायत सचिवों को जल्द से जल्द लंबित आवासों को पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी गई. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सविता टोपनो, अंचलाधिकारी सदानंद महतो, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी राखाल चंद्र पाल, सभी पंचायत सेवक एवं रोजगार सेवक तथा सभी स्वयं सेवक उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें – पटमदा: ग्रेडिंग परिणाम को लेकर रहेगी उत्सुकता, बेचैनी बढ़ी




