
Ranchi: रांची रेल मंडल के अंतर्गत आने वाली स्टेशनों पर प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र की व्यवस्था करने की मांग की गयी है. वहीं, रांची से अयोध्या, जयपुर, चंडीगढ़, हैदराबाद आदि के लिए नियमित ट्रेन सेवा शुरू करने की भी मांग की गयी है. झारखंड संपर्क क्रांति का विस्तार जयपुर तक, रांची वाराणसी ट्रेन के कोच संयोजन एवं मार्ग परिवर्तन (वाया लोहरदगा) तथा ट्रेन का लखनऊ तक विस्तार की मांग रांची रेल मंडल के सामने रखी गयी है. ये मांगे रांची रेल मंडल की सलाहकार समिति की बैठक में सदस्यों की ओर से रखी गयी. इसमें चैंबर ऑफ कॉर्मस की ओर से नवजोत अलंग शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें: धनबाद- अलपुझा, एर्णाकुलम एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव, देखें अपडेट
उन्होंने भी व्यापार उद्योग को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण विषयों को बैठक में रखा. इस दौरान दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेशन पर गाइड की उपलब्धता, रांची से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेनों का टूंडला स्टेशन पर ठहराव, स्पेशल ट्रेनों को नियमित ट्रेनों परिवर्तित करना, धरती आबा ट्रेन के कोच संरचना पर पुनर्विचार, रांची गोड्डा एक्सप्रेस ट्रेन के पारंपरिक रेक का एलएचबी कोच रेक मे परिवर्तन, रांची से जसीडीह और हज़ारीबाग तक उर्वरक परिवहन के लिए मिनी रेक की मांग की गयी. बैठक के दौरान इन मांगों पर विस्तृत चर्चा की गयी. बैठक अपर मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई. वहीं, वाणिज्य प्रबन्धक सह मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी एवं समिति के सचिव निशांत कुमार ने रेल मंडल की भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला.
सदस्यों ने रांची रेलवे स्टेशन पर भी इस दौरान प्रकाश डाला. जहां यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए सुझाव व मांग रखे गये. जैसे स्टेशनों पर सीढ़ियों के स्थान पर रेंप की व्यवस्था, रांची स्टेशन पर रीटाइरिंग रूम एवं डॉरमीटरी की पुन व्यवस्था, रांची तथा हटिया स्टेशन से सिटी बसों का परिचालन. रेल मंडल की ओर से सदस्यों के सुझाव को सकारात्मक बताया गया. साथ ही इस पर पहल करने की बात कहीं गयी.




