JharkhandRanchi

विधायक दीपिका पांडेय ने पिता की अर्थी को दिया कंधा, मुखाग्नि भी दी

Ranchi: विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने अपने दिवंगत पिता अरुण पांडेय को रविवार को मुखाग्नि दी. सीठियो श्मशान घाट में उनके अंतिम संस्कार के मौके पर कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों के भी कई प्रतिष्ठित लोग उपस्थित थे.  इससे पहले दीपिका पांडेय के सेक्टर 2, धुर्वा स्थित आवास से शव यात्रा निकली. अपने पिता को कंधा देते हुए जब दीपिका आगे बढ़ीं तो वे फफ़क़ कर रो पड़ीं. इस दौरान माहौल गमगीन भी हो गया. हर किसी की आंखें नम हो गई. इसके बाद शव यात्रा अरुण पांडेय के सेक्टर-2 स्थित मकान के पास ले जायी गयी जहां लोगों ने श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ पिंटू, पूर्व डिप्टी मेयर अजयनाथ शाहदेव, कांग्रेस नेता आलोक कुमार दुबे, झारखंड डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष आफताब आलम सहित कई गन्यमान्य लोग भी शामिल हुए.
गौरतलब है कि अरुण पांडेय का स्वास्थ्य पिछले एक साल से खराब चल रहा था। वे अपनी बेटी दीपिका पांडेय के घर में रहते थे. लंबी बीमारी के बाद शनिवार को उनका निधन हो गया था. वे अपने पीछे तीन बेटी व पत्नी को छोड़कर चले गए. महागामा विधायक दीपिका पांडेय उनकी सबसे बड़ी बेटी हैं। एक बेटी कनाडा में रहती है जो रविवार की सुबह तक रांची नहीं आ सकी. अरुण पांडेय 1973 से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय राजनीति में रहे. कांग्रेस के हर कार्यक्रम व लोगों की सेवा करने में वे हमेशा आगे रहते थे. उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी कांग्रेस की सेवा में लगा दी थी. पत्नी प्रतिभा पांडेय झारखंड कांग्रेस महिला की अध्यक्ष रहीं. वे महिला आयोग की अध्यक्ष भी रहीं.

Related Articles

Back to top button