Ranchi

दीपक प्रकाश का दावाः 2024 में भी केंद्र में होगी भाजपा, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों पर जनता लगायेगी मुहर

Ranchi:  भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने भरोसा जताते कहा है कि अगले वर्ष 2024 में होनेवाले लोकसभा चुनाव में भाजपा फिर से केंद्र में आएगी. प्रदेश कार्यालय में बुधवार को प्रेस वार्ता में उन्होंने इसका दावा किया. कहा कि केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार ने बेमिसाल 9 साल पूरे कर लिए हैं. इस अवधि में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित मोदीजी ने जो कर दिखाया है, वह बेमिसाल है. अमृत काल में अब 2047 तक विकसित, समृद्ध भारत का सपना और उसके लिए योजनाएं तय की जा चुकी हैं. अब स्थिति यह है कि ना सिर्फ इस देश के नागरिक अपने पीएम पर गौरवान्वित हैं बल्कि विदेशों में रहने वाले भारतीय भी अपना नाता उस मुल्क से बताते हैं जिसके पीएम नरेंद्र मोदी हैं. इस दौरान प्रदेश महामंत्री और सांसद आदित्य साहु के अलावा प्रदीप वर्मा भी उपस्थित थे.

पंचप्राण पर काम

दीपक प्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंचप्राण को लक्ष्य कर लगातार काम किया है. गुलामी के प्रतीक चिन्हों को हटाने, अपने विरासत पर गर्व करने, एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाने के जरिये देशवासियों की एकजुटता और नागरिकों में कर्तव्य भावना के उदय के लिए भी प्रयास किए गये हैं. देश-दुनिया को वैक्सीन उपलब्ध कराने का अद्भुत काम किया केंद्र सरकार ने किया है जबकि कांग्रेस वाले इसे भाजपा की और गेरुआ वैक्सीन बताते रहे. कोरोना संकट के बीच 80 करोड़ लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया. नमामि गंगे, स्वच्छता मिशन, कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा ही संगठन पर काम हुए हैं. गरीब कल्याण योजना (आवास व अन्य), जनधन योजना, जनजाति कल्याण, जीरो टॉलरेंस करप्शन, डिजिटल इंडिया और अन्य ऐसे काम हुए हैं जिससे तय है कि 2024 में भी जनता का विश्वास केंद्र को मिलेगा.

अरविंद केजरीवाल के रांची आगमन कार्यक्रम के सवाल पर दीपक ने कहा कि वे सीएम हेमंत सोरेने से मिलने वाले हैं. वास्तव में यह घोटालेबाजों का गला मिलन कार्यक्रम होगा. राहुल गांधी द्वारा विदेशों में देश में केंद्र सरकार के द्वारा दोयम दर्जे के नागरिक बनाये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे विदेश दौरों में देश को अपमानित करते हैं. उन्हें ना तो लोकतंत्र पर विश्वास है, ना सुप्रीम कोर्ट पर, ना चुनाव आयोग पर, ना संवैधानिक संस्थाओं पर. हकीकत में जनता को उन पर ही विश्वास नहीं है.

महीनेभर जनसंपर्क अभियान

महाजनसंपर्क अभियान के संयोजक प्रदीप वर्मा ने मौके पर जानकारी देते कहा कि पूरे जून महीने पार्टी के स्तर से महाजनसंपर्क अभियान चलाया जाना है. इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता घर-घर तक जाकर केंद्र के बेमिसाल 9 साल की उपलब्धियों को रखेंगे. 2-3 जून को प्रत्येक विधानसभा स्तर पर केंद्र की योजनाओं, विकास कार्यों के जरिये हुए परिवर्तनों पर चर्चा करेंगे. 5-6 जून को लाभार्थी सम्मेलन विधानसभा स्तर पर होगा. 7-8 जून को पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ परिचर्चा, 10-11 जून को लोकसभा स्तर पर विशाल जनसभा होगी जिसमें केंद्र के दो प्रमुख नेता भी सांसदों, विधायकों और अन्य नेताओं संग शरीक होंगे. 15 जून को लोकसभा स्तर पर प्रेस वार्ता होगी. 16-18 जून को व्यापारी सम्मेलन होगा. 20-30 जून को घर-घर जाकर पार्टी वर्कर संपर्क करेंगे. इसी तरह से अन्य प्रमुख कार्यक्रम तय किये गये हैं.

इसे भी पढ़ें: झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के रवैये पर बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवाल, कहा- अध्यक्ष और सदस्य दिखा रहे थाने का धौंस

Related Articles

Back to top button