
Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित कांतिलाल अस्पताल के पास मेन रोड पर अधिवक्ता मोहम्मद जाहिद इकबाल के सहायक निशांक कुमार जैन पर लाठी-डंडे से जानलेवा हमला कर पॉकेट से 30 हजार रुपया निकालने का मामला सामने आया है. इस मामले में निशांक ने परसुडीह के गोलपहाड़ी में पड़ोस में रहनेवाले अपने चाचा देवचंद्र जैन और उसके बेटे अंशुल उर्फ छोटू और रवि जैन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उसके मुताबिक सोमवार को निशांक धातकीडीह स्थित कार्यालय से बाइक पर परसुडीह के गोलपहाड़ी अपने घर लौट रहे थे. उसी बीच कांतिलाल गांधी के सामने मेन रोड पर उनके चाचा देवचंद्र जैन अपने बेटे अंशुल उर्फ छोटू और रवि जैन के मिलकर उनकी बाइक रोकी और उन पर लात-घुसों और डंडे से हमला कर दिया. इससे वे सड़क पर गिर गए, तभी उनके पॉकेट से रुपये निकाल लिए गए. उस बीच उनकी आवाज सुनकर दो-तीन राहगीर उनके बचाव के लिए आगे आए. उसके बाद निशांक किसी तरह अपनी बाइक से घर पहुंचे. उन्होंने पूरी घटना की जानकारी परिजनों के साथ अधिवक्ता जाहिद इकबाल को भी फोन कर दिया. मामला अभी शांत नहीं हुआ था तभी एक बार फिर निशांक के चाचा-चाची ने दोनों बेटों के साथ घर में घुसकर मारपीट की. इस दौरान उस पर रॉड से भी वार किया गया. हमले में निशांक जख्मी हो गए. उसके बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से निकल भागे, जबकि निशांक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी अपने अधिवक्ता मोहम्मद जाहिद इकबाल को दी. फिर उनके साथ बिष्टुपुर थाना पहुंचकर उन्होंने मामला दर्ज कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.




