
Giridih: लापता युवक का शव मंगलवार की सुबह गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के जमुनिया नदी के किनारे तैरता हुआ मिला. मृतक की पहचान 25 वर्षीय अनिल यादव के रूप में हुई है जो हजारीबाग के विष्णुगढ़ के बाराटांड गांव निवासी दीपचंद यादव का बेटा था और बगोदर के हरिहरधाम स्थित एक होटल में मजदूरी करता था. अनिल की हत्या हुई है या उसने सुसााईड किया है, यह फिलहाल स्पस्ट नहीं हुआ है.
इसे भी पढ़ें: गुमला: तालाब में डूबने से तीन बच्चों की दर्दनाक मौत
इस संबंध में मृतक के पिता दीपचंद और भाई की मानें तो अनिल सोमवार सुबह आठ बजे से ही घर से निकला था. परिजन भी समझे कि वह ड्यूटी के लिए होटल जा रहा है लेकिन सोमवार की देर रात जब अनिल घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसे तलाशना शुरु किया. अनिल का कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन मंगलवार की सुबह बगोदर थाना गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाना पहुंचे. लेकिन इससे पूर्व ही मंगलवार की सुबह ही अनिल का शव बगोदर के हरिहरधाम स्थित जमुनिया नदी में तैरता हुआ मिला. घटना की जानकारी मिलते ही बगोदर थाना पुलिस भी जमुनिया नदी पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. मृतक के शरीर में चोट के निशान होने की बात कही जा रही है. शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

इस बीच घटना की जानकारी मिलने के बाद बगोदर के पूर्व विधायक नागेन्द्र महतो भी मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे और परिवार वालों को सांत्वना दी. पूर्व विधायक ने राज्य सरकार और गिरिडीह पुलिस की सुस्ती पर सवाल उठाया और कहा कि हर रोज जिले में कुछ ना कुछ घटना हो रही है लेकिन पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आ रही है. तीन साल से राज्य सरकार एक एसपी के बलबूते ही जिले को चला रही है. ऐसे में अपराध पर अंकुश लग पाना कितना संभव है, जो इलाके का दौरा तक नहीं करते.




