
Sahibganj: जिले के जीरवाबाडी थाना क्षेत्र के मदन साही गांव स्थित ईंट भट्टे से बुधवार की सुबह एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिले हैं. मृतकों में मां व दो बेटे शामिल हैं. तीनों भट्टा लगाने का काम करते थे. मृतक की पहचान शकीला खातून, उनके दो पुत्र अलीशेर अंसारी और गुलशेर अंसारी के तौर पर हुई है. मृतक पुत्रों के पिता कतरुद्दीन अंसारी जो पिछले कई सालों से विकलांग हैं.
ग्रामीण बताते हैं कि ये लोग निहायत ही शरीफ और मजदूर किस्म के लोग थे जो अपने ईट भट्टा लगाकर घर चलाते थे. दोनों बेटे अलीशेर अंसारी और गुलशेर अंसारी पढ़े लिखे थे. रात में ईंट भट्टे पर काम करते थे और दिन में अपनी पढ़ाई पूरी करते थे. बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 10:00 बजे के आसपास भट्टे में आग लगाकर सभी अपने घर चले गए थे, लेकिन रात तकरीबन 1:00 बजे जब आंधी पानी शुरू हुई तब तीनों ईँट की सुरक्षा के लिए भट्टा स्थल पर पहुंच गए थे. सुबह यहीं तीनों मृत पाए गए.
सुबह यह खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और आसपास के लोग ईंट भट्टा की ओर पहुंचने लगे. इस घटना की सूचना पुलिस को मिलने पर जीरवाबाडी थाना प्रभारी सुनिल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए हैं. इस घटना से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. ग्रामीण बताते हैं कि 40 वर्ष पूर्व भी इसी प्रकार की एक घटना घटी थी. जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी.
घटना को लेकर साहिबगंज एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि तीन लोगों का शव बरामद किया गया है. शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं हैं. मामले की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand: सड़कों पर तय लोड कैपासिटी से भारी वाहनों का परिचालन, हो रही क्षति, बनेगी ठोस नीति




