
Adityapur : आदित्यपुर में विकास कार्यों के नाम विभिन्न ठेका कंपनियों की मनमानी और जनता को हो रही भारी परेशानी की खबरों पर उपायुक्त ने संज्ञान लिया. उन्होंने आदित्यपुर ऑटो कलस्टर में एक विशेष बैठक बुलाकर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में रोड री-रेस्टोरेशन, जलापूर्ति, सीवरेज आदि के लिए विभिन्न कंपनियों द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. डीसी ने कहा कि नगर निकाय क्षेत्र में रहनेवाले लोगों को ज्यादा कठिनाइयां न झेलनी पड़ें, इसके लिए मैन पावर बढ़ाते हुए लंबित काम को जल्द से जल्द पूरा करें. बता दें कि एजेंसियों की मनमानी से परेशान हरिओम नगर हेवेन रिवर व्यू सोसायटी के निवासियों ने गुरुवार को वहां चल रहा जलापूर्ति पाइपलाइन का काम रुकवा दिया था. इसके बाद लोगों ने मुख्यमंत्री और उपायुक्त को ट्वीट कर इन ठेका कंपनियों की मनमानी और अपनी परेशानी की जानकारी दी थी. हरिओम नगर में सापुरजी पालनजी कंपनी सीवरेज तथा जिंदल वाटर सप्लाई का काम कर रहा है. इसके अलावा नगर निगम रोड द्वारा रोड का काम कराया जा रहा है.
इसे भी पढें – जमशेदपुर और सरायकेला से उड़ाये गये 75 मोबाइल के साथ तीनपहाड़ गिरोह के 9 सदस्य गिरफ्तार
बैठक के दौरान उपायुक्त ने हरिओम नगर, आशियाना, इमली चौक, गम्हरिया स्टेशन रोड इत्यादि में किये जा रहे कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा की. उपायुक्त ने कहा कि घनी आबादीवाले क्षेत्रों और बाजार आदि में आम लोगों की समस्याओं को देखते हुए जल्द से जल्द कार्य को पूरा करें. उपायुक्त ने कहा कि दशहरा पूजा को ध्यान में रखते हुए पूजा पंडाल या अधिक भीड़- भाड़ वालेवाले इलाकों में लंबित काम को अविलंब पूरा करें, ताकि पूजा में लोगों को किसी प्रकार की समस्या, दुर्घटना या किसी अनहोनी का सामना नहीं करना पड़े.
बैठक के बाद पत्रकारों से बाचतीत में उपायुक्त ने कहा कि आदित्यपुर नगर निकाय क्षेत्र में निवास करनेवाले लोगों की समस्याओं को देखते हुए लंबित कार्यों को वास्तव में पूरा करने के लिए संबंधित ठेका कंपनी के प्रतिनिधि एवं जिले के वरीय पदाधिकारी के साथ समीक्षा बैठक रखी गयी थी. बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निकाय क्षेत्र में निवास करने वाले वासियों की समस्याओं को दूर करते हुए विकास कार्यों में प्रगति लाना है. बैठक में उप नगर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद, अपर उपायुक्त सुबोध कुमार, गम्हरिया सीओ मनोज कुमार, एसडीपीओ नंदन उपाध्याय एवं संबंधित ठेका कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
इसे भी पढें – रोहिणी कोर्ट कांड: धनबाद में जज के साथ घटी घटना के बाद से ही जमशेदपुर कोर्ट में है सुरक्षा अलर्ट : SSP




