West Bengal

दिल्ली से कोलकाता पहुंचे सीबीआइ के तीन वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व आयुक्त राजीव कुमार पर कस सकता है शिकंजा

Kolkata: हजारों करोड़ रुपये के सारदा चिटफंड घोटाला मामले में साक्ष्यों को मिटाने के आरोपित कोलकाता पुलिस के पूर्व आयुक्त राजीव कुमार की गिरफ्तारी की कोशिशों के बीच बुधवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) की एक विशेष टीम दिल्ली से कोलकाता पहुंची है.

इसे भी पढ़ें – 13 महीनों के वेतन पर बोले पुलिस कर्मी- ये ठीक वैसा ही है, जैसे कार देकर चारों टायर खोल लेना

इस टीम ने सीबीआइ के तीन वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं. दोपहर के समय ये लोग कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे. वहां से सीधे सॉल्टलेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित जांच एजेंसी के पूर्वी क्षेत्रीय मुख्यालय में पहुंचे.

खबर है कि इसमें डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारी भी हैं. दरअसल राजीव कुमार से पूछताछ के लिए पहले ही संयुक्त निदेशक रैंक के एक अधिकारी कोलकाता में आ पहुंचे थे. अब तीन अन्य अधिकारियों के पहुंचने से दिल्ली से आये अधिकारियों की संख्या बढ़ कर चार हो गयी है.

जांच एजेंसी के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस सप्ताह हर हाल में राजीव कुमार की गिरफ्तारी की कोशिश की जायेगी. मंगलवार को कुमार ने बारासात की विशेष सीबीआइ अदालत और बारासात जिला कोर्ट में अपने लिए अग्रिम जमानत लेने की भरपूर कोशिश की थी लेकिन कोर्ट ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया था.

इसे भी पढ़ें – कोल इंडिया में 9000 पदों के लिए वेकैंसी

उन्हें अलीपुर कोर्ट में जाकर जमानत के लिए याचिका लगाने की सलाह दी गयी थी. खबर है कि कुमार अपनी अग्रिम जमानत के लिए अलीपुर कोर्ट का रुख कर सकते हैं. वहां भी सीबीआइ उनकी गिरफ्तारी की मांग करेगी. इस बीच जांच एजेंसी के तीन वरिष्ठ अधिकारियों का कोलकाता पहुंचना, एजेंसी की ओर से सख्ती बरते जाने का संकेत हैं.

इधर जांच टीम ने राज्य सचिवालय में चिट्ठी देकर यह जानना चाहा है कि आखिर राजीव कुमार कहां हैं. सचिवालय की ओर से जांच एजेंसी को जो जवाब दिया गया है उसमें कहा गया है कि कुमार छुट्टी पर हैं. हालांकि उनकी वर्तमान स्थिति का पता नहीं है.

वैसे गत शुक्रवार को जब से कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राजीव कुमार की गिरफ्तारी पर लगी रोक को हटाया है, उसके बाद से लेकर बुधवार तक कुमार कहां है इस बारे में सीबीआइ को पता नहीं चल सका है.

इसे भी पढ़ें – Birbhum: बम विस्फोट में उड़ा पक्का मकान, इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Back to top button