
Ranchi : सरकारी विद्यालयों में पढ़नेवाले छात्रों का जाति प्रमाण पत्र स्कूल के माध्यम से निर्गत करने को लेकर बुधवार को डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने बैठक बुलायी. डीसी को बताया गया कि वर्तमान में सरकारी विद्यालयों में पढ़नेवाले छात्रों का जाति प्रमाण पत्र स्कूल के माध्यम से निर्गत करने के लिए फिलहाल जिला में 622 प्रज्ञा केन्द्र कार्यरत हैं. बैठक में डीसी ने जिला सूचना एवं विज्ञान प्राद्यौगिकी पदाधिकारी को प्रज्ञा केन्द्र की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया.
प्रंखडवार कार्यप्रगति का जायजा लिया
बैठक में डीसी ने जिला में स्कूल के माध्यम से जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए चल रहे अभियान की प्रंखडवार कार्यप्रगति का जायजा लिया. मौके पर उन्होंने कहा कि जिले के स्कूलों को नजदीकी प्रज्ञा केन्द्र से टैग किया गया है. जिस स्कूल के साथ जो प्रज्ञा केन्द्र टैग है उसका कर्मी स्कूल जाकर आवेदन प्राप्त करें. ताकि डेटा मिस मैच की स्थिति उत्पन्न न हो. उन्होंने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को स्कूल के प्रिंसिपल और प्रज्ञा केन्द्र से तालमेल स्थापित कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक, बीआरपी और सीआरपी इस कार्य से मुक्त रखें.
अग्रेतर प्रक्रिया में आवेदन अस्वीकृत न हो
बैठक में डीसी ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों का जाति प्रमाण पत्र स्कूल के माध्यम से निर्गत करने के लिए चलाये जा रहे अभियान का सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में प्रचार-प्रचार करें. उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेते हुए गांव-टोला तक प्रचार प्रसार करें. डीसी ने कहा कि शिक्षक आवेदन प्राप्त करते समय किसी दस्तावेज की कमी होने पर अभिभावक/बच्चे को जानकारी दें ताकि, अग्रेतर प्रक्रिया में आवेदन अस्वीकृत न हो.
इनकी रही उपस्थिति
वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक, डीआईओ, एडीआईओ, जिला के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, ईडीएम, सीएससी मैनेजर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – मॉब लिंचिंग मामलाः अलीमुद्दीन हत्याकांड के सजायाफ्ता की अपील पर बहस पूरी, फैसला सुरक्षित



