
New Delhi: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर के देवला गांव में दो दिन से लापता मासूम की हत्या कर उसका शव पीठ पर लादने वाले बैग में रखकर पड़ोसी युवक फरार हो गया. दुर्गंध आने पर परिवार के लोगों ने रविवार सुबह पड़ोसी राघवेंद्र के कमरे का दरवाजा तोड़कर तलाशी ली तो मासूम का शव खूंटी से टंगे बैग में मिला.
देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है. पहले दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही थी, मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई. आरोपी इतना शातिर है कि दो दिनों तक पीड़ित परिजनों संग बच्ची को ढूंढने का नाटक करता रहा. शव मिलने से कुछ देर पहले तक आरोपी परिवार के साथ ही था. शव मिलने की जानकारी लगने पर वह फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है. राघवेंद्र मूलरूप से बलिया का रहने वाला है.बच्ची के माता-पिता चंदौली के रहने वाले हैं.
घर पर अकेले थे मासूम भाई-बहन
सात अप्रैल को पिता नौकरी पर गए थे, जबकि मां दो साल की बेटी और सात साल के बेटे के भरोसे घर छोड़कर बाजार से सामान खरीदने गई थी. जब लौटी तो बच्ची घर पर नहीं मिली. रात करीब 11 बजे माता-पिता ने सूरजपुर चौकी पर बच्ची के गायब होने की सूचना दी. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.




