
UN: कोरोना वायरस के कारण दुनिया उथल-पुथल हो गयी है. लोगों घरों में कैद हैं. अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है. लोगों की जान जा रही है. कुछ भी सामान्य नहीं रह गया है.
इस बीच संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 का टीका ही एकमात्र ऐसी चीज हो सकती है, जो दुनिया में सामान्य स्थिति ला सकती है. इसके साथ ही उन्होंने इस साल के अंत तक टीका विकसित हो जाने की उम्मीद जतायी.
इसे भी पढ़ेंः#IMF ने भारत की ओर से Covid-19 पर समय रहते कदम उठाने का समर्थन किया
वैक्सीन से ही चीजें होंगी सामान्य
उन्होंने अफ्रीकी देशों के साथ एक वीडियो कांफ्रेंस के दौरान कहा, ‘‘एक सुरक्षित और प्रभावी टीका एकमात्र उपकरण हो सकता है जो दुनिया को सामान्य स्थिति में लौटा सकता है, लाखों लोगों की जान बचा सकता है और खरबों डॉलर को बचा सकता है.’’
उन्होंने इसके त्वरित विकास और सभी तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि इससे वैश्विक लाभ होगा और इससे हम महामारी को नियंत्रित कर पाएंगे.
2020 के अंत कर आ सकती है वैक्सीन
उन्होंने कहा, ‘हमें यह सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वाकांक्षी प्रयास की आवश्यकता है कि 2020 के अंत तक इस तरह के टीका की विश्वभर में पहुंच के लिए अंतरराष्ट्रीय हितधारक एक सामंजस्यपूर्ण, एकीकृत और प्रभावी दृष्टिकोण से काम कर पाएं.’
उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के माध्यम से, संयुक्त राष्ट्र 47 अफ्रीकी देशों को कोविड-19 की जांच सुविधा प्रदान करने में सक्षम रहा है. संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने महामारी के परिणामों को कम करने के लिए कई अफ्रीकी सरकारों के प्रयासों की भी प्रशंसा की.
गौरतलब है कि दुनिया के कई देश इस वक्त कोरोना वायरस से निपटने के लिए वैक्सीन बनाने पर काम कर रहे हैं, अमेरिका में ये टेस्ट दूसरी स्टेज में है जबकि भारत में भी इसपर काम जारी है.
बता दें कि दुनिया भर में कोरोना वायरस का कहर है. और इस जानलेवा वायरस से अब तक 20 लाख 83 हजार 33 लोग संक्रमित हो चुके हैं. जबकि एक लाख 34 हजार 603 की मौत हो चुकी है. इस बीच राहत की बात ये कि 5 लाख 10 हजार 171 मरीज स्वस्थ भी हुए है.
इसे भी पढ़ेंःMLA विनोद सिंह ने उठाया सवाल, क्या बिहार-झारखंड ही सबसे गया-गुजरा राज्य, 54 सांसद एक भी मजदूर नहीं ला सकते..?




