
Giridih : जिले के तिसरी थाना इलाके के बरवाडीह स्थित अवैध माइका गोदाम में छापेमारी के बाद अब वन विभाग ने गोदाम संचालक चमारी यादव और उसके पुत्र अशोक यादव के खिलाफ वन अधिनियम के विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
गौरतलब है कि गिरिडीह पूर्वी प्रक्षेत्र के डीएफओ मनीष तिवारी ने गुप्त सूचना पर शनिवार को गोदाम में छापा मारा था. इस दौरान यहां लाखों मूल्य का अलग-अलग किस्म का भंडारण किया हुआ माइका जब्त किया गया था.
यहां बता दें कि तिसरी व गावां में अवैध रूप से माइका खनन कर विभिन्न स्थानों पर भंडारण किया जाता है. वहीं सेटिंग गेटिंग के जरिए इसे ट्रक और पिकअप वाहन के माध्यम से गिरिडीह और कोडरमा में सप्लाई किया जाता है. इसके लिए कई संगठित गिरोह है. हालांकि विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन के द्वारा छापेमारी तो की जाती है मगर इसके बावजूद धंधेबाज बेखौफ होकर अवैध धंधे का संचालन कर मोटी चांदी काटने का काम करते हैं.



