JharkhandMain SliderRanchi

#IndiaFightsCorona: झारखंड के सभी स्कूल-कॉलेज, सिनेमा हॉल, क्लब व पार्क 14 अप्रैल तक बंद किये गये

Ranchi: झारखंड सरकार ने कोरोना वायरस के मद्देनजर राज्य भर में स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है. सभी स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान 17 मार्च से 14 अप्रैल तक बंद रहेंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार के इस फैसले से विधानसभा को अवगत कराया है. उन्होंने बताया कि राज्य भर के सिनेमा हॉल, क्लब, म्यूजियम और पार्क भी बंद रहेंगे.

बंद के दौरान सभी स्कूल या दूसरे संस्थानों के कर्मियों को वेतन मिलेगा इसे श्रम विभाग की तरफ से सुनिश्चित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि जब तक सदन चल रहा है, दर्शकों से अनुरोध किया गया है कि वे विधानसभा की कार्यवाही देखने न आयें.

जांच में सहयोग नहीं करने पर सजा

सभी जिलों से डीसी को सरकार की तरफ से यह शक्ति प्रदान की गयी है कि वह संदिग्धों की जांच करायें, यदि जांच के बीच किसी तरह की कोई अड़चन आये या मरीज सहयोग नहीं करे तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाये. जांच में सहयोग नहीं करनेवालों को जेल भी जाना पड़ सकता है. जेल जानेवाले व्यक्ति को 14 दिनों तक सामान्य कैदियों से अलग रखा जायेगा.

इसे भी पढ़ें – #Corona_Virus_ Effect :  विश्व भर की अधिकतर विमानन कंपनियां मई के अंत तक दिवालिया हो सकती हैं

सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य के लोगों से अपील की है कि वे धार्मिक स्थलों के साथ-साथ दूसरी भीड़-भाड़वाली जगहों पर फिलहाल कुछ दिनों तक जाने से बचें.

राज्यभर में 488 लोगों पर सरकार की तरफ से कोरोना वायरस को लेकर नजर रखी जा रही है. इनमें से 175 लोगों की जांच हो चुकी है. इनमें से कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं पाया गया है.

सभी बस यात्रियों से यात्रा करने से पहले टिकट लेने के दौरान ही मोबाइल नंबर लिया जायेगा.

सभी मेडिकल कॉलेजों में लैब की स्थापना

राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ झारखंड के पांचों प्रमंडल में कोरोना वायरस की जांच के लिए लैब की व्यवस्था की जायेगी. इसके अलावा जितने भी निजी अस्पताल हैं उन्हें यह निर्देश जारी किया गया है कि वो अपने संस्थान में आइसोलेशन वार्ड की स्थापना करें.

कोरोना वायरस से निपटने के लिए 300 पारा मेडिकल और डॉक्टरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है. दूसरे स्वास्थ्यकर्मियों को भी इससे निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है.

सरकार के अन्य फैसले

  • आवश्यक मशीनों की खरीदारी के लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है.
  • 15 दिनों के बाद सरकार फैसले की समीक्षा करेगी.
  • बच्चों के लिए अलग से आइसोलेशन वार्ड की स्थापना की जायेगी.
  • जेल के नये कैदियों को सामान्य कैदियों से 14 दिनों तक अलग रखा जायेगा.
  • गरीब बच्चों को होस्टल में ही रहने की सुविधा दी जायेगी.
  • बंद किये गये निजी प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मियों को वेतन मिलता रहे श्रम विभाग को ये सुनिश्चित करायेगा.

इसे भी पढ़ें – #Fear_Of_Corona : शेयर बाजार में कोहराम जारी, सेंसेक्स 2600 अंकों से ज्यादा लुढ़का

पूरे देश में बरती जा रही है सतर्कता

कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने ये कदम उठाये हैं. उल्लेखनीय है कि पूरे देश में कोरोना वायरस को लेकर सतर्कता बरती जा रही है. देश को 13 राज्यों ने स्कूल-कॉलेजों से लेकर सावर्जनिक कार्यक्रमों तक पर रोक लगा दी है.

इधर डीवीसी के ईडी एचआर एके वर्मा ने कोरोना वायरस को देखते हुए बंगाल एवं झारखंड के डीवीसी के सभी स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों को 16 मार्च से 31 मार्च तक के लिए बंद करने का आदेश दिया है.

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मामले

महाराष्ट्र में सोमवार को 5 ताजा मामले सामने आने के साथ ही राज्य में COVID19 के पीड़ितों की संख्या 38 पहुंच गयी है.

इनमें से तीन मामले मुंबई, एक नवी मुंबई और एक यवतमाल का है. इसके साथ ही भारत में कोरोना के मामले बढ़कर 116 हो गये हैं.

यवतमाल में जो एक शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. वह हाल में ही दुबई से लौटा है. इसी बीच राज्य सरकार पहले ही कोरोना से निपटने के लिए एहतियात के तौर पर कदम उठा रही है.

इसे भी पढ़ें – #Corona: महाराष्ट्र में पांच मरीज और मिले, देश भर में आंकड़ा 116 हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button