
Ranchi: प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय कुमार की मानें तो पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश भी भारत से आगे हैं. सोशल मीडिया में वायरल एक वीडियो के मुताबिक चाय पर चर्चा के दौरान उन्होंने लोगों के बीच यह बात कही. इसमें डॉ अजय कह रहे हैं कि देश में कुपोषण की स्थिति भयावह है. इस मामले में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश जैसे देश हमसे आगे हैं. यहां तक कि तालिबानी शासन वाला देश अफगानिस्तान भी इस मामले में भारत से बेहतर है. इस केंद्र सरकार में अमृत काल के बावजूद अपने यहां लोगों को खाने के लाले पड़े हैं. भाजपा ने अजय कुमार के इस बयान पर आपत्ति जतायी है.
कांग्रेस अब शिफ्ट करे पाकिस्तान
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने अजय कुमार के बयान को आपत्तिजनक बताया है. साथ ही कहा है कि कांग्रेस लीडर्स खाएंगे हिंदुस्तान का, जपेंगे पाकिस्तान का. कांग्रेस का इस तरह के मामले में पुराना ट्रैक रिकॉर्ड रहा है. पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जब बोल रहे हैं कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान भारत से बेहतर हैं तो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी समेत पूरी पार्टी को ही अब अफगानिस्तान और पाकिस्तान शिफ्ट कर जाना चाहिये. इनकी विकृत सोच के अनुसार कम से कम इन्हें वहां बेहतर खाना तो मिलेगा. पर कांग्रेसी देशद्रोही लोग हैं. हमेशा विकृत विचारों को दिखाते रहे हैं.




