
Dhanbad: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2022 के प्रथम चरण में शनिवार को तोपचांची में 326, टुंडी में 203 और पूर्वी टुंडी में 112 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है. प्रथम चरण में तोपचांची, टुंडी व पूर्वी टुंडी में सुबह 9:00 बजे तक कुल 19% मतदान हुआ है.

तोपचांची, टुंडी एवं पूर्वी टुंडी में शनिवार को सुबह 7:00 बजे से सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप सिंह के निर्देशानुसार क्लस्टर से पोलिंग पार्टियां मतदान से कुछ घंटे पूर्व ही अपने-अपने बूथों पर पहुंच गई और मतदान को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की.

तोपचांची में 63339 पुरुष, 57218 महिला व तीन थर्ड जेंडर, टुंडी में 36060 पुरुष व 33378 महिला तथा पूर्वी टुंडी में 20524 पुरुष व 19685 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अपील पर मतदाताओं में वोटिंग करने के लिए भारी उत्साह देखने को मिला. बूथों पर सुबह से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कतारबद्ध होकर खड़े है. हर बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ पेयजल, शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध है.

नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण इन तीनों प्रखंडों में चुनाव को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज है. धनबाद जिले के तीन प्रखंडों में हो रहे चुनाव के पहले चरण में 2,30,207 मतदाता 1568 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे. मतदान सुबह 7:00 बजे से दोपहर बाद 3:00 बजे तक निर्धारित है. इसमें जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदाता वोट देंगे.
इसे भी पढ़ें: PANCHAYAT ELECTION : तीसरी दफा गांव की सरकार बनाने को निकल रहे 52 लाख से अधिक वोटर, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी उत्साह




