
Jamshedpur : जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स कंपनी में सोमवार को काम के दौरान 57 वर्षीय ठेकाकर्मी शंभू नाथ भगत की मौत हो गयी. मृतक मजदूर के परिजनों ने ठेका कंपनी पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मुआवजा और नौकरी देने की मांग की है.
घटना के बारे में शंभूनाथ भगत के पुत्र अनादि भगत ने बताया कि उसके पिता 2012 से टाटा मोटर्स कंपनी परिसर में संचालित व्हील्स इंडिया लिमिटेड के अधीन प्लांट नंबर 1 स्टेशन नंबर 23 में कार्यरत थे. सोमवार की सुबह ए शिफ्ट होने की वजह से वे सुबह 5.30 बजे अपने घर आसनबनी के कोकदा गांव से निकले थे. 10.30 बजे सुबह ठेका कंपनी से पिता की तबीयत खराब होने और टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी गयी. वहां परिजनों के पहुंचने पर चिकित्सकों ने बताया कि उनकी मौत हो चुकी है.
मृतक के परिजनों ने उनकी मौत पर संदेह व्यक्त करते हुए ठेका कंपनी और उसके अधिकारी पर आरोप लगाया कि जब शंभूनाथ भगत को कोई बीमारी नहीं थी, तो अचानक उनकी तबीयत कैसे बिगड़ गयी. अगर किसी कारणवश तबीयत बिगड़ी भी थी, तो कंपनी के लोगों ने उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया. इस कारण उनकी मौत हुई है. अब परिजन ठेका कंपनी से परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने और 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं. परिजनों ने नौकरी और मुआवजा नहीं देने पर ठेका कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी है.
इसे भी पढ़ें – दक्षिण पूर्व रेलवे ने माल लोडिंग में तोड़ा पिछले साल का रिकॉर्ड




