
CHAKRADHARPUR : अग्निपथ योजना को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है. इसी कड़ी में सोमवार को झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सत्याग्रह कर अग्निपथ योजना का विरोध किया जा रहा है. चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में कांग्रेस के कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के नेतृत्व में सत्याग्रह पर बैठे. इस मौके पर मधु कोड़ा ने अग्निपथ योजना को देश के इतिहास के लिए काला कानून बताया और कहा इस योजना को लाकर केंद्र सरकार युवाओं को अपने पैसे से ट्रेनिंग देगी उसके बाद कॉरपोरेट घरानों में बतौर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी मुहैया कराएगी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने अग्निपथ योजना को सेना में ठेकेदारी प्रथा की शुरुआत बताते हुए कहा कि पहली बार सेना के अधिकारियों को राजनीति में शामिल किया गया है. सेना के अधिकारी राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं. आजादी के 70 सालों के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ था. केंद्र सरकार सभी सरकारी विभागों को बेचने में लगी हुई है. सेल से सभी कर्मचारियों को धीरे धीरे हटाकर ठेके में मजदूरों को रख रही है. उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए केंद्र की नीतियों का हर स्तर पर विरोध करने की बात कही. सत्याग्रह में जिला अध्यक्ष अंबर राय चौधरी, कांग्रेसी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, प्रखंड अध्यक्ष विजय सामड, प्रखंड बीस सूत्री सदस्य अमित मुखी के साथ कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता शामिल थे.




