
Rana Pratap Singh
Ranchi : बरियातू के बड़गाईं अंचल के उप-निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद और हेमंत सोरेन के बीच जमीन के दस्तावेज से संबंधित एक महत्वपूर्ण कड़ी ईडी को मिली है. ईडी की छापेमारी के दौरान बड़गाईं अंचल के उप-निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के आवास से मिले दस्तावेज से संबंधित कई कागजात ईडी को हेमंत सोरेन के दिल्ली आवास पर रेड के दौरान मिले हैं. ईडी इस नये तथ्य पर भी अनुसंधान कर रहा है. इसकी जानकारी ईडी ने हेमंत सोरेन को 7 दिनों की रिमांड पर मांगे जाने के दौरान कोर्ट को दी है. हालांकि हेमंत सोरेन की ओर से रिमांड का विरोध करते हुए महाधिवक्ता राजीव रंजन ने ईडी के विशेष न्यायाधीश दिनेश राय की कोर्ट को बताया था कि रिमांड के दौरान ईडी हेमंत सोरेन को बेसमेंट में रख रही है जहां, खिड़की नहीं है. दिन रात सुरक्षा कर्मियों का पहरा उनके ऊपर लगा रहता है. गिरफ्तारी के पूर्व भी 8-8 घंटे दो बार ईडी उनसे पूछताछ कर चुकी है. इसके बाद 5 दिन में 120 घंटा पूछताछ कर चुकी है, इसलिए अब ईडी को और रिमांड पर हेमंत को ना दिया जाये. इस पर ईडी की ओर से बताया गया कि हेमंत सोरेन की सुरक्षा को लेकर ईडी ने काफी पुख्ता इंतजाम किये हैं. उनके कमरे में एसी भी लगा दिया गया है. ईडी की ओर से कोर्ट को व्यवसायी विनोद सिंह और किसी सत्ता शीर्ष से संबंधित व्यक्ति के साथ ट्रांसफर पोस्टिंग से संबंधित 39 पेज का व्हाट्सएप चैट भी मिला है. हालांकि कोर्ट ने ईडी और महाधिवक्ता राजीव रंजन का पक्ष सुनने के बाद हेमंत सोरेन को 5 दिनों की और रिमांड पर ईडी को देने की अनुमति दी है.
दिल्ली से भानु का स्टेटमेंट भी बरामद किया गया
हेमंत के दिल्ली आवास में रेड के दौरान भानु प्रताप का वह स्टेटमेंट भी ईडी की टीम ने बरामद किया है, जिसे ईडी ने रिकॉर्ड किया था. अब इस पर जांच हो रही है कि भानु का ईडी के समक्ष दर्ज कराया गया स्टेटमेंट दिल्ली कैसे पहुंच गया.
बता दें कि 8.5 एकड़ बड़गाईं अंचल, बरियातू की जमीन दखल मामले में हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया है. बड़गाईं अंचल के तत्कालीन उप-निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद अभी ईडी की रिमांड पर है. ईडी की रेड में भानु प्रताप के आवास से ही बरामद दस्तावेज एवं उसके मोबाइल से मिली जानकारी के आधार पर ईडी ने इस मामले में ईसीआईआर 6 /2023 दर्ज किया है और मामले की जांच कर रहा है. इस मामले में भानु प्रताप प्रसाद, हेमंत सोरेन एवं अन्य को आरोपी बनाया गया है.
इसे भी पढ़ें – पांच दिन की रिमांड खत्म होने के बाद ईडी कोर्ट में हेमंत की पेशी, बंगाल में छापेमारी



