JharkhandLead NewsNEWSRanchi

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के झारखंड आगमन को लेकर कांग्रेसी नेता तैयारी में जुटे

Ranchi:  2024 के चुनाव को लेकर झारखंड की सरगरमियां तेज हो गई हैं. तमाम सियासी पार्टियां चुनावी बिसात बिछाने में जुटी है, लेकिन इस बार झारखंड सियासी दिग्गजों का गढ़ बन रहा है. देश के बड़े सियासी चेहरे एक के बाद एक झारखंड के दौरे पर आ रहे हैं और यहां से चुनावी शंखनाद कर रहे हैं. एक तरफ जहां बीजेपी के चुनावी चाणक्य अमित शाह ने देवघर से संथाल परगना की सियासी नब्ज टटोलने की कोशिश की तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी उसी संथाल परगना की धरती से कांग्रेस के हाथ को मजबूत करने आ रहे हैं.

 

पाकुड़ और साहेबगंज जायेंगे

दरअसल कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे झारखंड दौरे पर आ रहे हैं. वो पाकुड़ व साहेबगंज जायेंगे. श्री खड़गे पाकुड़ से सूबे में हाथ से हाथ जोड़े कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. इस अभियान के जरिए कांग्रेस ना सिर्फ जनता के बीच पहुंचकर जनाधार बढ़ाएगी. बल्कि चुनाव से पहले सियासी हवा का रुख भी जानने की कोशिश करेगी. हालांकि कांग्रेस की मानें तो ये दौरा सियासी नहीं है. बल्कि भारत जोड़ो अभियान की तरह ही इसके जरिए देश में सद्भाव बढ़ाने की कोशिश की जाएगी.

 

मंत्री विधायक समेत पार्टी पदाधिकारी आयोजन स्थलों का लगातार ले रहे हैं जायजा

साहेबगंच में बड़हरवा के श्रीकुंड हाईस्कूल मैदान में भी उनका कार्यक्रम होगा. जिसमें हजारों कार्यकर्ता जुटेंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल का जायजा झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने लिया. इस दौरान मंत्री ने पूरे हाईस्कूल मैदान का मुआयना किया. हेलीपैड, सभा स्थल सहित वीआईपी के बैठने की जगहों का भी निरीक्षण किया.

 

विभिन्न कमिटियों का गठन हुआ

राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के झारखंड आगमन को लेकर जिला समिति व प्रखंड कमिटी मंडल कमिटी के गठन, वार्ड पंचायत एवं बूथ कमिटियों के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. निर्णय हुआ है कि 11 फरवरी से अगले 60 दिनों हर प्रखंड, प्रमंडल और पंचायत स्तर पर हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम चलाया जाएगा.

Related Articles

Back to top button