
Dhanbad: झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दीपक प्रकाश बुधवार को धनबाद पहुंचे. यहां 8 साल पुरानी आचार संहिता उल्लंघन के मामले में उन्होंने धनबाद एमपी एमएलए के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी संतोषनी मुरमुर की अदालत में पेशी दी. अदालत ने मामले से जुड़े सभी आरोपितों को पर्याप्त सबूत के अभाव में बाइज्जत बरी कर दिया. बचाव पक्ष के अधिवक्ता समर श्रीवास्तव, आयूष श्रीवास्तव, सिद्धार्थ शर्मा ने इनके बचाव में दलील पेश की. दीपक प्रकाश के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद मामले को विशेष कोर्ट में स्थानांतरित किया गया था.
दरअसल, झारखंड विधानसभा चुनाव- 2014 के दौरान तेनुघाट में चुनाव प्रचार के दौरान जैन धर्मशाला पेटरवार में भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष रविशंकर जायसवाल की अध्यक्षता में बिना अनुमति के राजनीतिक बैठक आयोजित की गयी थी. मामले में तत्कालीन अंचलाधिकारी पेटरवार विजय सिंह बिरूवा की शिकायत पर आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी 4 दिसंबर 2014 को गोमिया के तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी माधवलाल सिंह, रवि शंकर जायसवाल, दीपक प्रकाश, नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, देवनारायण प्रजापति, लक्ष्मण नायक, अंबिका खबास, सुधीर कुमार सिन्हा, बनेश्वर महतो, शांतिलाल जैन के विरुद्ध दर्ज की गयी थी.
इसे भी पढ़ें:एविएशन टरबाइन फ्यूल के खरीद पर 4% का लगेगा वैट
धनबाद एमपी एमएलए कोर्ट से निकलने के बाद दीपक प्रकाश धनबाद के नव निर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष से मिलने पहुंचे और शुभकामनाएं दी. इस दौरान उन्होंने बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो की जमकर तारीफ की. इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष झारिया के कतरास मोड़ में पूर्व विधायक सूर्य देव सिंह की पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए. श्रद्धांजलि देने के बाद उन्होंने झारखंड सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन पर निशाना साधा.
कहा कि राज्य सरकार के मुखिया और उनका पूरा परिवार भ्रष्टाचार में डूबा है. सरकार की नीति और नीयत दोनों में खोट है. इसकी वजह से राज्या का विकास रुक गया है.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार पर कई गंभीर आरोप लगे हुए हैं. स्थिति ऐसी है कि सरकार के मुखिया हमेशा अधर में रहते हैं. सही निर्णय भी नहीं ले पाते. अगर कोई निर्णय ले भी लेते हैं, तो उस पर अडिग नहीं रहते. सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है. उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गयी है.
इसे भी पढ़ें:बलदेव भाटिया + एजाज ढेबर + छत्तीसगढ़ कनेक्शन = झारखंड का शराब कारोबार
पुण्यतिथि पर पूर्व झरिया विधायक सूर्य देव सिंह को श्रद्धांजलि देने उमड़ी भीड़
झरिया के पूर्व विधायक व मजदूर नेता स्वर्गीय सूर्य देव सिंह की 31वीं पुण्यतिथि बुधवार को मनाई जा रही है. इस मौके पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्वर्गीय सूर्य देव सिंह की पत्नी व झरिया की पूर्व विधायक कुंती देवी, बड़ी बहू व भाजपा नेत्री रागिनी सिंह, जमसं के महामंत्री व छोटे पुत्र सिद्धार्थ गौतम और परिवार के सदस्यों ने कतरास मोड़ सूर्यदेव चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया.
इसके बाद पूर्व मेयर इंदु देवी उनकी बहू अश्विनी सिंह सूर्य सिंह की पुत्री किरण सिंह, संतोष सिंह, आदि ने श्रद्धांजलि दी. इसके अलावा श्रद्धांजलि देने के लिए भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, भाजपा के झारखंड बिहार के संगठन प्रभारी नागेंद्र सिंह, धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह के अलावा झरिया धनबाद, सिंदरी, बाघमारा, निरसा, बोकारो आदि जगहों के भाजपा नेता और कार्यकर्ता पहुंच रहेकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:फोर्टिफिकेशन चावल वितरण कर लोगों के खाद्य विविधता में अनावश्यक हस्तक्षेप गलत : बलराम




