
Ranchi: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 30 नवंबर को JSCA अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले तीसरे वनडे मैच को लेकर रांची जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। मैच से एक दिन पहले शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौसिक, उपायुक्त–सह–जिला दंडाधिकारी मंजुनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की।
बैठक में स्टेडियम के अंदर-बाहर, पार्किंग स्थल, प्रमुख मार्गों, वीआईपी/वीवीआईपी मूवमेंट तथा शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मैच के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्य सुरक्षा तैयारियाँ और निर्देश
स्टेडियम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती
तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा—इनर, मिडिल और आउटर कॉर्डन
एंटी-सैबोटेज चेकिंग, ड्रोन निगरानी, डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल टीमों की तैनाती
पार्किंग को कई जोन में विभाजित किया गया, टोइंग व्यवस्था सक्रिय
मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्शन और वन-वे व्यवस्था लागू
वीआईपी/वीवीआईपी मूवमेंट के लिए विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल
सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था, पुलिस अधीक्षक (नगर/ग्रामीण/यातायात), सभी पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि मैच के दिन यातायात निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दें।




