
New Delhi: टोक्यो ओलंपिक में जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा के शानदार प्रदर्शन के बाद कुश्ती मुकाबले में भारतीय पहलवानों ने दम दिखाया है. पहलवान रवि दहिया और दीपक पूनिया ने भी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अपने-अपने प्रतिस्पर्धियों को चारो खाने चित करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है.
57 किलोग्राम भार वर्ग में रवि कुमार क्वार्टर फाइनल में 14-4 से बुल्गारिया के जॉर्जी वांगेलोव को हराया. अब रवि कुमार को कजाकिस्तान के नुरिस्लाम सनायेव से सेमीफाइनल में भिड़ना होगा. इधर, 86 किलो भार वर्ग में दीपक पुनिया ने चीन के लिन जुशेन को 6-3 से पछाड़ते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई. दीपक का अगला मुकाबला यूएसए के डेविड मॉरिस टेलर से होगा. दीपक ने इससे पहले नाइजीरिया के एकरेकेमे एगियोमोर 12-1 पछाड़कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी. दूसरी ओर अंशु मलिक महिला फ्रीस्टाइल 57 किग्रा 1/8 फाइनल मैच में बेलारूस की इरीना कुराचकिना से हार गईं. इरीना ने यह मैच 8-2 से लगभग एकतरफा अंदाज में जीता.




