
Ranchi: भारतीय सेना में तीन दशक से अधिक समय तक सेवा दे चुके कर्नल बीके सिंह ने शनिवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली. पार्टी कार्यालय में उनका औऱ उनके कई समर्थकों का पार्टी में स्वागत करते प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि सेना में सेवा दे चुके बीके सिंह का पार्टी में स्वागत है. उनके आने से राज्य में केंद्र की योजनाओं के प्रचार प्रसार में भी मदद मिलेगी. 2023 आ गया है. अगले वर्ष लोकसभा के चुनाव होंगे. पार्टी को भरोसा है कि इस चुनाव में यहां सभी 14 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल होगी. हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य में जो अराजकता की स्थिति पैदा कर रखी है, उसे भी जनता के सहयोग से उखाड़ फेंका जायेगा. इस दौरान पार्टी पदाधिकारी प्रदीप वर्मा, रांची महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता सहित अन्य भी उपस्थित थे.

समय आने पर रामगढ़ उपचुनाव पर फैसला
रामगढ़ उपचुनाव की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर दीपक प्रकाश ने कहा कि समय आने पर इस संबंध में पार्टी फैसला कर लेगी. जल्द ही सबों के सामने इसकी जानकारी सार्वजनिक कर दी जायेगी. पार्टी पदाधिकारी राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने को दिल्ली जाने वाले हैं.
परिवारवाद से दूर है भाजपा
कर्नल बीके सिंह ने भाजपा परिवार का सदस्य बनने पर खुशी जतायी. कहा कि पहले भारतीय सेना के जरिये देश सेवा की. अब जन सेवा के लिए वे राजनीति में उतरे हैं. दूसरी पार्टियों की बनिस्पत भाजपा में परिवारवाद और दूसरी समस्या नहीं है. साथ ही नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से वे प्रभावित हैं. ऐसे मे अब उन्होंने अपने सपोर्टरों संग भाजपा का हिस्सा बनना पसंद किया है.
इसे भी पढ़ें: JBVNL की पहल: उपभोक्ता मीटर लगायें और सौ यूनिट बिजली मुफ्त पायें, चल रहा प्रचार




