
Ranchi: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी ने आज राज्य ग्रामीण विकास संस्थान (सर्ड) के परिसर में शीशम एवं पीपल का पौधा लगाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस मौके पर मनरेगा आयुक्त ने कहा कि पर्यावरण का संबंध हमारे जीवन से है. पर्यावरण हमें बहुत कुछ देता है. हमें भी पर्यावरण को बचाने के लिए कुछ करना चाहिए. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण काफी जरूरी है. पर्यावरण संरक्षण के लिए आम लोगों में संवेदनशीलता के साथ- साथ जागरूकता का होना जरूरी है.
राजेश्वरी बी ने आम लोगों से अपील की, कि चाहे बच्चे का जन्मदिन हो या शादी समारोह या फिर कोई विशेष अवसर, छोटे-बड़े सभी अवसरों पर पौधारोपण अवश्य करें. सभी व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं. उन्होंने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनायें और लोगों को प्रेरित भी करें. उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर छोटे कदमों और उपायों को लागू कर हमें स्वस्थ जलवायु को बढ़ाना है.
इस मौके पर ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव अरुण कुमार सिंह, उप निदेशक अनुपम भारती, सहायक निदेशक राजीव रंजन, सहायक निदेशक अनिल यादव एवं अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे.
बिरसा मुंडा संग्राहालय सह पार्क में 70 पेड़ लगाये गये
बिरसा मुंडा संग्रहालय सह पार्क में विश्व पर्यावरण दिवस पर रांची शहरी पेयजलापूर्ति योजना फेज 2 बी के तहत कार्य करने वाली कंपनी जिंदल वाटर इन्फ्रास्ट्रकचर लिमिटेड द्वारा वृक्षारोपण किया गया . लगभग 70 पेड़ लगाये गए . इस अवसर पर बड़ी संख्या में कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे.





