
Daltonganj : उपायुक्त अमित कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में जिला खनन टॉस्क फोर्स की समीक्षा की. इस क्रम में उपायुक्त ने कहा कि सीओ और थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध खनन नहीं होने का अनापत्ति प्रमाण पत्र देना होगा. ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. उपायुक्त ने पिछली बैठक मे दिये गये दिशा-निर्देंशों की भी समीक्षा की. वर्ष 2017-18 में अवैध खनन से संबंधित दर्ज प्राथमिकी में किये जा रहे अनुसंधान कार्यों की समीक्षा की प्रगति जांची गयी.
उपायुक्त ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन से संबंधित दर्ज की जाने वाली प्राथमिकी में तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाये, ताकि अवैध खनन करने वाले लोगों में भय का माहौल पैदा हो. उपायुक्त श्री कुमार ने जिले के सभी अंचलाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में हो रहे अवैध खनन की सूची अविलंब जिला कार्यालय को देने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें- ‘शौचालय’ से आ रही लाखों के घोटाले की बदबू
छत्तरपुर एसडीओ रोके ओवरलोडिंग
उपायुक्त ने छत्तरपुर एसडीओ और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया कि उनके क्षेत्र में अवैध खनन व ओवर लोडिंग वाहनों की सघनता से जांच कर कड़ी कार्रवाई करें. उपायुक्त ने सड़क निर्माण से संबंधित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे सड़क निर्माण करा रहे संवेदकों से बैठक कर यह सुनिश्चित करें कि सड़क निर्माण कार्य में अवैध पत्थरों का इस्तेमाल नहीं किया जाये. अगर ऐसा करते कोई संवेदक पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करें.
इसे भी पढ़ें- IAS महकमा भी विवादों से नहीं अछूता, ब्यूरोक्रेसी की सरकार से ठनी
माईंस, क्रशर में कार्य कर रहे मजदूरों का जायजा लें
श्रम अधीक्षक को कहा गया कि जिले में चल रहे माईंस, क्रशर में कार्य कर रहे मजदूरों का जायजा लें और यदि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी नहीं मिल रही है तो संचालक के विरुद्ध कार्रवाई करें. उपायुक्त ने डीएफओ को वन क्षेत्र के अंदर चल रहे अवैध क्रशर, अवैध खनन आदि की सूची जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी जयदीप तिग्गा, सदर एसडीओ नन्द किशोर गुप्ता, छत्तरपुर एसडीओ राजेश प्रजापति, हुसैनाबाद एसडीओ कुंदन कुमार, डीएसपी प्रेमनाथ, सहित जिले के कई पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.




