JamshedpurJharkhand

JAMSHEDPUR : साकची और मानगो में बनेगा सीएनजी गैस फिलिंग स्टेशन, एनएच-33 के चौड़ीकरण में बाधा होगी दूर

JAMSHEDPUR :  जमशेदपुर के साकची और मानगो समेत अन्य स्थानों पर सीएनजी गैस फिलिंग स्टेशन बनाया जाएगा. इसके लिए गेल इंडिया ने जिला प्रशासन से जमीन उपलब्ध कराने की मांग की है. साथ ही कदमा के उलियान और एक्सएलआरआई सीएनजी स्टेशन के लिए अग्निशमन विभाग के क्लीयरेंस को लेकर भी कंपनी के अधिकारियों ने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है. मौका था जिला समाहरणालय में आयोजित आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में आ रही अंतरविभागीय समस्याओं की समीक्षात्मक बैठक का. इसकी अध्यक्षता जिले के अपर उपायुक्त सौरभ सिन्हा ने की. उन्होंने भी विभागीय अधिकारियों को गेल इंडिया की मांगो को लेकर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इस दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने एनएच-33 एवं 6 महुलिया-बहरागोड़ा-चिचरा खंड के चौड़ीकरण में आ रही समस्याओं को बताया. अपर उपायुक्त ने घाटशिला के एसडीओ घाटशिला को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई तथा भू-अर्जन के मामलों में तत्काल मुआवजा भुगतान के निर्देश दिए. वहीं एनएच-33 के जमशेदपुर से महुलिया खंड के जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में कुछ जगहों पर पाइपलाइन का कार्य बाधित होने को लेकर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यापालक अभियंता और एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया.

डबल डेकर कॉरिडोर को लेकर भी दिए निर्देश

इस दौरान आसनबनी से बालीगुमा तक प्रस्तावित डबल डेकर कॉरिडोर में देवघर मौजा में अधिग्रहित जमीन मुक्त कराने को लेकर भी संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिए गए. साथ ही जमशेदपुर से महुलिया खंड के लिए अधिग्रहित 22 गांवों के नामांतरण को लेकर भी जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. बैठक में सड़क निर्माण विभाग के अभियंता ने धालभूमगढ़ में भू-अर्जन संबंधी समस्या एवं कीताजोड़ी तथा कोवाली-डुमरिया पथ निर्माण में भी भू-अर्जन की समस्या से अवगत कराया.

आपसी समन्यव बनाकर काम करने पर जोर

बैठक में शामिल विद्युत विभाग, झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड तथा अन्य एजेसिंयों के प्रतिनिधियों ने भी अंतरविभागीय समस्याओं को रखा गया. इसे आपसी समन्वय से दूर करने का निर्देश दिया गया.

ये थे उपस्थित

बैठक में जिला भू अर्जन पदाधिकारी रविन्द्र गगराई, डीएमओ संजय शर्मा, एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर तथा अन्य संबंधित विभागों के अभियंता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे. साथ ही आरसीडी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, विद्युत विभाग, एनएचएआई, गेल इंडिया, आरवीएनएल, रेलवे, टाटा मोटर्स, जुस्को, झारखंड ऊर्जा संरचण निगम लिमिटेड आदि के पदाधिकारी व प्रतिनिधि शामिल हुए.

Related Articles

Back to top button