
Ranchi : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि झामुमो गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपने ही मंत्रियों और विधायकों पर भरोसा नहीं है. या ऐसा भी हो सकता है कि सत्तारूढ़ दलों के मंत्रियों और विधायकों के बीच वे खुद विश्वास खो चुके हों. यह कितना हास्यास्पद लगता है कि पूर्ण बहुमत की सरकार के मुखिया अपने मंत्रियों और विधायकों को छिपते- छुपाते फ्लाइट पर चढ़ा कर दूसरे राज्य में भेज रहे हैं. मुख्यमंत्री का कहना है कि यह सब रणनीति के तहत किया जा रहा है लेकिन सरकार में जो हालात बने हैं, उससे यह साफ प्रतीत होता है कि वे कमजोर शासक साबित हुए हैं. वे अपने ही मंत्रियों, विधायकों को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं.
आजसू प्रमुख ने सत्तारूढ़ दलों के मंत्रियों और विधायकों को रांची से रायपुर भेजे जाने पर प्रतिक्रिया जारी जाहिर करते हुए यह भी कहा कि राज्य कई समस्याओं और मुश्किलों से घिरा है. शासन के कामकाज को छोड़कर सरकार राजनीतिक प्रहसन में जुटी है. यह जनादेश का अपमान भी है. ऑफिस ऑफ प्रॉफिट जैसे गंभीर आरोप से घिरने के बाद मुख्यमंत्री को न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना चाहिए. यह नैतिकता और संवैधानिक व्यवस्था का तकाजा है जबकि उनका पूरा कुनबा दूसरा एजेंडा सेट करने की कोशिशों में और जनता का ध्यान भटकाने में लगा है
इसे भी पढ़ें – चैंबर चुनाव: नामांकन संपन्न, 71 सदस्यों ने किया नामांकन



