
Giridih: दूसरे चरण के मतदान के अंतिम दिन सोमवार को गिरिडीह से भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी के समर्थन में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी. सोमवार को भाजपा के रोड शो में जनसैलाब उमड़ा. 1000 से अधिक बाइक से पार्टी के युवा कार्यकर्ता हाथों में भगवा झंडा और कमल फूल का झंडा लहराते हुए सड़कों पर निकले. रोड शो के दौरान खुली जीप में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र राय के साथ महिला मोर्चा की शालिनी वैशखियार, विनीता कुमारी, तनुजा सहाय, कुसुम सिन्हा, संगीता सिन्हा, पूनम प्रकाश, संगीता सेठ, संजू देवी के साथ भाजपा नेता दिनेश यादव, मुकेश जालान, सुबोध प्रकाश, दीपक यादव, संदीप, मिथुन चंद्रवंशी, विवेक गुप्ता विक्की, आलोक केशरी, विशाल गुप्ता व उज्ज्वल गुप्ता समेत हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम सड़कों पर निकला.

जय श्रीराम के साथ यूपी के सीएम योगी द्वारा दिया गया नारा बांटेगे तो कटेंगे के नारे भी कार्यकताओं ने खूब लगाया. भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी के रोड शो देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी. मुस्लिम बाजार से रोड शो जब टावर चौक पहुंचा, तो नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यूपी में हिंदू समाज ने अब बांटना बंद कर दिया है. झारखंड का यह चुनाव राज्य के लोगों को सुरक्षित करने वाला है. क्योंकि राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठियों की समस्या गंभीर हो गई है. ऐसे में इन्हें बाहर करने के लिए भाजपा का सता में लाना जरूरी है. नहीं तो समस्या और गंभीर हो जाएगी. रोटी, बेटी-माटी पर संकट है. सुरक्षित भविष्य के लिए भाजपा की जीत दिलाएं.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हेमंत सरकार ने झारखंड को लूटकर बर्बाद कर दिया है. हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है. कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र राय ने भी हेमंत सरकार पर जमकर प्रहार किया. कहा कि कांग्रेस अब राज्य में कही दिख नहीं रही है. जो कुछ थोड़ा दिखाई पड़ रही है वह भी इस चुनाव के बाद दिखना बंद हो जाएगी. राय ने कहा हेमंत और कल्पना सोरेन एंड पार्टी ने अब शिबू सोरेन के सिद्धांतों पर चलना बंद कर दिया है. ऐसे में जनता को तय करना है कि अगले पांच साल हेमंत सरकार के कुकुर्मो की सजा झारखंड न भुगते और न ही बांग्लादेशी घुसपैठ राज्य में पांव पसारे. रोड शो में उमड़ी भीड़ के कारण घंटों शहर के कई रोड जाम रहे. शहर भी रेंगता हुआ नजर आया.




