
Ranchi: रांची रेलवे स्टेशन के दूसरे गेट के लिए बनने वाली सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण का रास्ता साफ हो गया है. जिला भू-अर्जन कार्यालय बुधवार को धारा-19 यानि रैयतों के नाम की अधिघोषणा जारी कर दी है.
1.136 एकड़ रैयती जमीन का किया गया अधिग्रहण
दूसरे गेट के लिए बनने वाले सड़क, ब्रिज और कल्वर्ट के लिए कुल 1.136 एकड़ रैयती जमीन का अधिग्रहण किया गया है. रांची के शहर अंचल के सीरम मौजा के 23 प्लॉट की जमीन ली जा रही है.
करीब 12 करोड़ रुपए बंटेगा मुआवजा
रांची रेलवे स्टेशन की नई सड़क परियोजना के लिए रांची नगर निगम के वार्ड नंबर 48 स्थित सिरम मौजा की 1.136 एकड़ रैयती जमीन के लिए करीब 12. 91 करोड़ रुपए बांटा जाएगा. दरअसल पहले पथ निर्माण विभाग की ओर से मांगे गए फंड से कम राशि उपलब्ध कराने के कारण भू-अर्जन कार्यालय की ओर से सेक्शन-19 नहीं किया गया था. दरअसल भू-अर्जन नियमानुसार जब तक फंड उपलब्ध नहीं होता तब तक सेक्शन- 19 नहीं किया जा सकता. सेक्शन-19 का मतलब मुआवजा के भुगतान के लिए रैयतों के नाम की घोषणा की जाती है.
तीन माह का डीसी ने दिया था एक्सटेंशन, फंड नहीं दे सका विभाग
18 मार्च 2020 को भू-अर्जन कार्यालय ने तीसरी बार अधिसूचना जारी की थी तो एक साल के अंदर विभाग को फंड उपलब्ध करा देना था. ताकि सेक्शन-19 किया जा सके. मगर मार्च 2021 में विभाग के कार्यापालक अभियंता ने डीसी छवि रंजन से अवधि विस्तार का समय देने का अनुरोध किया था। डीसी ने तीन महीने का अवधि विस्तार कर जून तक का समय दिया. मगर इस अवधि में भी पथ निर्माण ने फंड नहीं दिया. जिस कारण अधिग्रहण प्रक्रिया लैप्स हो गई थी. जिसके बाद फिर से पथ निर्माण विभाग को अधियाचना भेजनी पड़ी थी.
लोगों को मिलेगी जाम से राहत
रांची रेलवे स्टेशन के दूसरे गेट (प्लेटफॉर्म नंबर-5) तक जाने के लिए बनने वाली सड़क परियोजना से लोगों को जाम से राहत मिलेगी. क्योंकि, डोरंडा, धुर्वा, हटिया आदि क्षेत्र से आने वाले लोग सीधे नई सड़क से रेलवे स्टेशन पहुंच सकेंगे. जबकि, अभी इन्हें ओवरब्रिज होते हुए स्टेशन रोड आना पड़ता है. ऐसे में कई बार सड़क जाम रहने के कारण स्टेशन पहुंचने में भी यात्रियों को देर होती है. ऐसे में नई सड़क से जहां उन्हें स्टेशन रोड आने की जरूरत नहीं होगी. इससे ट्रैफिक लोड भी कम होगा.
इसे भी पढ़ें: 15 हजार कार्यकर्ताओं के साथ आज बीजेपी में शामिल होंगे हार्दिक पटेल




