
Ranchi: इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग के लिए BCCI ने शनिवार को 1214 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है. जिसमें 896 भारतीय और 318 विदेशी खिलाडी शामिल हैं. इस साल के IPL का मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को होगा. दो दिन तक चलने वाले इस मेगा ऑक्शन में 10 टीमें हिस्सा लेंगी. ऑक्शन में 270 कैप्ड प्लेयर, 903 अनकैप्ड प्लेयर और 41 एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों की बोली लगेगी.
इस बार टूर्नामेंट में कई बड़े खिलाड़ी हिस्सा नहीं लेंगे. वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल ने अपना नाम ऑक्शन में नहीं दिया है. वहीं, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क, इंग्लैंड के सैम करन, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जो रूट, क्रिस वोक्स ने भी ऑक्शन में अपना नाम शामिल नहीं करवाया है.
17 भारतीय और 32 विदेशी खिलाड़ी 2 करोड़ की बेस प्राइस में
मेगा ऑक्शन के लिए जारी की गई 2 करोड़ की बेस प्राइस की लिस्ट में 49 खिलाड़ी हैं. इस लिस्ट में 17 भारतीय हैं, जबकि 32 विदेशी खिलाड़ी हैं. भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन के अलावा, श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, इशान किशन, सुरेश रैना के नाम इस लिस्ट में हैं.
इसे भी पढ़ेंः गिरिडीह के मधुबन और खुखरा में नक्सलियों ने उड़ाया मोबाइल टावर
वहीं, विदेशी खिलाड़ियों में वॉर्नर, रबाडा, ब्रावो के अलावा पैट कमिंस, एडम जंपा, स्टीव स्मिथ, शाकिब अल हसन, मार्क वुड, ट्रेंट बोल्ट और फाफ डु प्लेसी जैसे बड़े नाम हैं. फ्रेंचाइजियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किए नामों पर 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होने वाली मेगा ऑक्शन में बोली लगाई जाएगी.
33 खिलाड़ियों को किया गया रीटेन
IPL 2022 के लिए 33 खिलाड़ियों को रीटेन किया गया है. 8 टीमों ने 27 खिलाड़ियों को रीटेन किया है. वहीं, 2 नई IPL टीमों ने 6 खिलाड़ियों को अपनी टीम के साथ जोड़ा है. केएल राहुल को लखनऊ ने 17 करोड़ में अपनी टीम के साथ जोड़ा है.
इसे भी पढ़ेंः 17 साल बाद परिवहन निगम के 1240 कर्मियों को मिलेगा पंचम वेतनमान का बकाया
इसके साथ ही वह IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए हैं. इससे पहले RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली को भी 2018 से 2021 के सीजन तक 17 करोड़ ही मिलते थे. लखनऊ ने केएल को अपनी टीम का कप्तान भी बनाया है.
साल 2018 के बाद IPL का पहला बड़ा ऑक्शन होने जा रहा है. IPL 2018 के मेगा ऑक्शन में कुल 8 टीमें थी. इस बार 10 टीमें ऑक्शन में हिस्सा लेंगी. 10 टीमों ने मिलकर 33 खिलाड़ियों पर कुल 338 करोड़ रुपये खर्च किए हैं.




