
-मुख्य मंदिर का पट बंद रहने के कारण बाहर ही मत्था टेका
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को रथयात्रा के अवसर पर धुर्वा रांची स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचे. साथ में पत्नी कल्पना सोरेन भी थीं. मुख्य मंदिर का पट बंद रहने के कारण बाहर द्वार से ही शीश झुका कर भगवान से प्रार्थना की. मौके पर मंदिर के पुजारी ने गर्भगृह के बाहर ही विधि-विधान पूर्वक पूजा संपन्न करायी. सरकार के निर्देश के तहत मंदिर का पट आम लोगों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है. इसी कारण मुख्यमंत्री ने भी मंदिर के बाहर से ही पूजा-अर्चना की तथा राज्यवासियों की सुख-समृद्धि की भगवान जगन्नाथ से कामना की.
इसे भी पढ़ें – जमीन खरीद विवाद में निशिकांत दुबे को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की अपील खारिज की
मौके पर मंदिर परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आज का दिन रथयात्रा का दिन है. परंपरा के अनुसार हम सभी लोग रथयात्रा को बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाते रहे हैं. आज के दिन भगवान जगन्नाथ के मंदिर परिसर में काफी चहल-पहल हुआ करती थी जिसके गवाह हम सभी लोग हैं. दुर्भाग्य है कि पिछले वर्ष और इस वर्ष भी वैश्विक महामारी कोरोना के प्रसार को नियंत्रित करने निमित्त रथयात्रा नहीं निकल पा रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा राज्य एवं देश वैश्विक महामारी से गुजर रहा है इस महामारी में न जाने कितने लोगों ने अपनी जान गंवायी है. कोरोना महामारी से कई लोगों ने अपने परिजनों को खोया है. कई बच्चों से उनके माता-पिता का साया उठ गया. आज भी कोरोना संक्रमण हमारे इर्द-गिर्द मंडरा रहा है. पुन: संक्रमण का ध्यान रखते हुए इस बार भी भारी मन से रथयात्रा नहीं निकाल पाने का निर्णय राज्य सरकार को लेना पड़ा है. मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने भगवान जगन्नाथ के प्रति आस्था रखते हुए अपने-अपने घरों पर ही भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना तथा आराधना करने की अपील लोगों से की है. मौके पर अभिषेक प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – Jharkhand News : एंबुलेंस में युवती के साथ दुष्कर्म, चालक और चाय दुकानदार शामिल



