ChatraNEWS

चतरा : अंतरराज्यीय कोयला तस्करों पर पुलिसिया नकेल, हाइवा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Chatra : चतरा में अवैध कोयला तस्करों पर पुलिसिया नकेल निरंतर जारी है. अंतरराज्यीय गिरोह के तीन कोयला तस्करों को अवैध कोयला लदे हाइवा के साथ पुलिस ने दबोचा है. तस्करों की गिरफ्तारी सिमरिया-हजारीबाग मुख्यपथ स्थित शिला पिकेट के समीप से हुई है. एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि एसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि टंडवा थाना क्षेत्र से एक हाइवा पर अवैध कोयला लोड कर तस्कर सिमरिया के रास्ते तस्करी के लिए ले जा रहे हैं. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में सिमरिया थाना व शिला पुलिस पिकेट की संयुक्त टीम बनाकर एनएच 100 पर नाकाबंदी करते हुए वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था. अभियान के दौरान स्कार्पियों सवार स्कॉट कर रहे तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने लगे जबकि हाइवा को सुरक्षाबलों ने पकड़ लिया. हालांकि मौके से भाग रहे स्कॉट कर रहे तस्करों में से दो को खदेड़कर पकड़ा गया. जबकि तीसरे की गिरफ्तारी उससे पूछताछ के आधार पर हुई.

एसडीपीओ ने बताया कि दो अन्य तस्कर गाड़ी लेकर भागने में सफल रहे. जिनकी गिरफ्तारी को लेकर निरंतर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. जल्द ही उन तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. गिरफ्तार तस्करों के पास से कोयला लदा हाईवा व तस्करी में प्रयुक्त तस्करों का दो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. ये सभी कोयला का फर्जी ट्रांसपोर्टिंग दस्तावेज बनाकर अवैध कोयला की तस्करी कर रहे थे. उन्होंने बताया कि कोयला तस्करों के विरुद्ध पुलिस का अभियान निरंतर जारी है.

इसे भी पढ़ें: पलामू: आचार संहिता उल्लंघन के मामले में शशिभूषण मेहता, देवेंद्र कुमार सिंह व लाल सूरज बरी

Related Articles

Back to top button