
Chatra: सीआरपीएफ के लापता जवान प्रदीप कुमार पाल का 72 घंटों के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है. सुरक्षा एजेंसियां तलाशी में जुटी है. लेकिन कुछ सुराग हाथ नहीं लगा है.
जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के डुमरिया उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बने कलस्टर पर विधानसभा चुनाव ड्यूटी में तैनात सीआरपीएफ की 128 बटालियन का जवान प्रदीप कुमार पाल एक दिसंबर की अहले सुबह से गायब है. जहां उसकी ड्यूटी लगी थी वहीं पास से उसका राइफल बरामद किया गया था.
काफी खोजबीन के बाद भी अबतक उसका पता नहीं चला है. न तो वह अपने घर पहुंचा है और न ही वह वापस कंपनी में लौटा है. गौरतलब है कि चुनाव ड्यूटी के बाद उनकी कंपनी डुमरी कलस्टर से वापस लौट चुकी है.
इसे भी पढ़ें- राज्य में संवैधानिक प्रावधानों को तोड़ कर किया जा रहा कामः कानूनविद् रश्मि कात्यायन
खेत में मिला राइफल व गोली का बैग
मिली जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ के जवान प्रदीप कुमार पाल डुमरिया उत्क्रमित मवि में बने कलस्टर में तैनात था. प्रदीप कुमार पाल को अन्य जवानों ने ड्यूटी के लिए सुबह तीन बजे जगाया. फिर वह तैयार होकर ड्यूटी पर भी गया.
जब कुछ देर के बाद दूसरा जवान वहां पहुंचा, तो प्रदीप कुमार पाल गायब मिला. काफी खोजबीन करने के दौरान कुछ दूरी पर स्थित खेत में राइफल और गोली का बैग बरामद हुआ है. इसके बाद से जवान की खोज की जा रही है. उल्लेखनीय है कि लापता सीआरपीएफ का जवान कुमार पाल असम के गुवाहाटी का रहने वाला है.
इसे भी पढ़ें- #UnnaoRapeCase: सुनवाई में देरी को लेकर प्रियंका गांधी ने उठाये सवाल, कहा- लटका पड़ा ट्रायल
नहीं मिला कोई सुराग
लगातार जवान की खोजबीन की जा रही है लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है. लापता जवान प्रदीप कुमार पाल गुवाहाटी स्थित अपने घर भी नहीं पहुंचा है.
जवान के लापता होने को लेकर स्थानीय थाना हंटरगंज में सनहा भी दर्ज कराया गया है. सीआरपीएफ के जवान के लापता होने के बाद सीआरपीएफ के अन्य जवानों ने आसपास के गांव में जाकर ग्रामीणों से जवान के बारे में पूछताछ भी की लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला.
इसे भी पढ़ें- #INXMediaCase: 106 दिनों बाद जेल से बाहर आएंगे पूर्व केंद्रीय मंत्री चिदंबरम, सुप्रीम कोर्ट ने दी बेल
जवान का नहीं मिला है कोई सुराग: एसपी
इस मामले में चतरा एसपी अखिलेश वी वारियर से बात करने पर उन्होंने बताया कि लापता जवान का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. एसपी ने बताया कि लापता जवान को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है. उनके परिवार वालों से भी संपर्क किया गया लेकिन जवान अपने घर नहीं पहुंचा है जवान की लगातार खोजबीन जारी है.




