JamshedpurJharkhandSaraikela

चांडिल : राशन के अनाज को दूसरे ब्रांड के बोरे में भर होती थी कालाबाजारी, छापामारी में गोदाम सील

Chandil : जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम के गोदाम से लाभुकों के लिए जारी खाद्यान्न की कालाबाजारी का मामला सामने आया है.  एनएच 33 पर बिरीगोड़ा हड्डी गोदाम के पास स्थित मकान में अवैध रूप से सरकारी खाद्यान्न चावल की दूसरे ब्रांड से पैकिंग करने की सूचना पर चांडिल एसडीओ रंजीत लोहरा के नेतृत्व में छापामारी की गयी. वहां कालाबाजारी किये जाने की पुष्टि के बाद  कारोबारी विष्णु कुमार अग्रवाल पर मामला दर्ज करते हुए मकान को सील किया गया.

एसडीओ रंजीत लोहरा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हड्डी गोदाम के पास स्थित एक बाउंड्री के अंदर 407 और ट्रक लगाकर सरकारी राशन के चावल की हेराफेरी की जाती है. दूसरे ब्रांड की बोरी में पैकिंग कर चवाल को बाजार में बेचा जाता है. इसकी सूचना पर उन्होंने प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ छापामारी की. इसमें 25 किलो के 40 बोरे चावल और 50 किलो का 13 बोरा चावल समेत सरकारी चावल का 260 खाली बोरा बरामद किया गया है. इसके अलावा रुचि राइस मिल का एक हजार पीस नया बोरा बरामद किया गया है. चांडिल के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शैलेंद्र झा ने बताया कि जब्त चावल जमशेदपुर के बर्मामाइंस जेएसएफसी गोदाम का चावल था, जिसे इस क्षेत्र में लाकर रुचि ब्रांड के बोरे में पैकिंग कर बेचा जाता था. छापामारी अभियान में चांडिल के एसडीओ रंजीत लोहरा, सीओ प्रणव कुमार अंबष्ठ, एसआई सुरेंद्र सिंह, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शैलेंद्र झा आदि शामिल थे.

इसे भी पढ़ें – जनरल विपिन रावत को नमन परिवार ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र ने एक अनमोल धरोहर को खोया : सरयू राय

Related Articles

Back to top button