
Ranchi : आने वाले कुछ दिनों में राज्य में कनकनी बढ़ने की संभावना है. मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो 29 से 31 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी. इस दौरान न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क जाने की संभावना है. बारिश का भी पूर्वानुमान है.
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 28 और 29 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है. इस दौरान थडंरिंग भी होगी. कोहरा भी छायेगा. इसमें उत्तरी और दक्षिण जिले शामिल होंगे. जिसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसांवा, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा आदि जिले शामिल हैं.
विभाग की मानें तो 24 घंटे तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी और इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी. मौसम विभाग की मानें तो 28 जनवरी तक तापमान में तीन डिग्री तक वृद्धि की संभावना है. ऐसे में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 जनवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी. इस दिन न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहेगी. 30 जनवरी को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा. 31 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना व्यक्त की गयी है. इसके बाद से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी.




