
Chaibasa: जिले के बड़ाजामदा थाना अंतर्गत बालजोडी़ एवं मेरेलगडा़ स्थित डीके घोष के मैगजीन हाउस गोदाम में गुरुवार की रात नक्सलियों ने विस्फोटकों का बड़ा जखीरा लूट कर पुलिस के नक्सल विरोधी अभियान के तमाम कामयाबियों पर पानी फेर दिया है. नक्सलियों ने जिस तरह से विस्फोटकों का बड़ा जखीरा लूटा है उससे साफ़ हो चला है की नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस की ख़ुफ़िया सूचना तंत्र पूरी तरह ध्वस्त है.
इसे भी पढ़ें: लातेहारः बाजार से लौट रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में सनसनी
इस घटना के पूर्व तक नक्सलियों से लोहा ले रही पुलिस के मनोबल पर इस घटना का असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है. कहा जा रहा है कि नक्सलियों के हाथ लगे विस्फोटकों से आने वाले दिनों में कई घटनाओं को अंजाम दिए जा सकते हैं. बता दें कि गत कुछ महीने में एंटी नक्सल अभियान के दौरान कई जवान आईईडी विस्फोट की घटना में अपनी जान तक गवां चुके हैं तो कई इसकी चपेट में आने से घायल भी हुए हैं. वहीं कुछ ग्रामीण भी नक्सलियों के करतूत के इस करतूत के शिकार हो चुके हैं. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार कौन है. वहीं कंपनियों द्वारा खनन में प्रयोग किए जाने वाले इन विस्फोटकों के भण्डारण की सूचना भी अब नक्सलियों तक है, जिसके कारण आने वाले दिनों में ऐसी घटनाओं के बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

कहा यह भी जा रहा है कि नक्सलियों के कई मददगार अभी भी कई ऐसे लोग हैं, जिसकी पहचान पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है, ऐसे में इस घटना में भी वैसे मददगारों की तलाश पुलिस के लिए आसान नहीं है.

क्या कहना है पुलिस अधिकारियों का
पश्चिमी सिंहभूम जिला के एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि इस घटना को लेकर भाकपा माओवादी के मिसर बेसरा सहित दर्जनों नक्सलियों व 60 सहित अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया है.




