
Chaibasa: सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नक्सलियों की ओर से लगाए गए 02 आईईडी बम को सुरक्षा बलों ने बरामद किया गया है. बरामद आईईडी पांच-पांच किलो के बताए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से एक पशु की मौत हो गई. इस घटना के बाद सुरक्षा बलों की ओर से इलाके में नक्सलियों के खिलाफ़ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र के हाथीबुरु जंगल से सुरक्षाबलों ने इन आईईडी बमों को बरामद किया. बाद में जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ 60 बटालियन के बीडीडीएस टीम ने इसे मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया है. इस संबंध में जिले के एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है. इसी सूचना पर गुरूवार को गोईलकेरा थाना क्षेत्र के हाथीबुरू जंगल में आईईडी की चपेट में आने से एक पशु की मौत हो गयी. उसके बाद चलाए गए सर्च अभियान में पुलिस को यह आईईडी बम मिले.




