
Jamshedpur: जमशेदपुर झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारी अपनी 9 सूत्री मांग को लेकर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. इनके हड़ताल पर जाने से सरकारी कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है. राज्य के सभी जिलों में समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं.
जमशेदपुर जिले में जिला स्तर के कार्यालयों और प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों को मिलाकर कुल 500 कर्मचारी कार्यरत हैं. इन सभी की हड़ताल पर जाने से जिला स्तर के कार्यालयों और प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में सन्नाटा पसर गया है. कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है. कर्मचारियों का कहना है कि वह लंबे समय से सरकार से अपनी मांगे रख रहे हैं, लेकिन कोई सकारात्मक पहल नहीं हो रही है. इस कारण मजबूरन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाना पड़ा है.




