
Giridih: तीन राज्यों समेत रामगढ़ उपचुनाव में एनडीए को मिली बंपर जीत पर भाजपा और आजसू कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शहर में विजय जुलूस निकाला. भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुबे के नेतृत्व में निकले विजय जुलूस में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साहु, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव,भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री विनीता कुमारी, विनय सिंह, रंजन सिन्हा, यदुनंदन पाठक, संजीत सिंह पप्पू, नवीन सिन्हा, सुभाष चन्द्र सिन्हा, सुरेश मंडल, महेश राम, आजसू नेता गुड्डु यादव, प्रियंका शर्मा समेत कई नेताओं का जुटान झंडा मैदान में हुआ. जहां से दोनों दलों के नेता गाजे-बाजे के साथ हाथों में झंडा लिए निकले और शहर भ्रमण करते हुए टावर चौक पहुंचा. जहां लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी. इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई.
इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष महादेव दुबे ने कहा कि रामगढ़ की जीत के बाद हेमंत सरकार के जाने की उल्टी गिनती भी शुरु हो चुकी है क्योंकि झूठ की बुनियाद पर यह सरकार अधिक दिनों तक नहीं चलने वाली. देश की जनता सिर्फ मोदी की बातों पर यकीन करती है और जनकल्याण की योजनाओं से जुड़ कर जनता अब मोदी सरकार पर भरोसा कर रही है. उन्होंने कहा कि रामगढ़ की जीत सिर्फ एक ट्रेलर है. आने वाले दिनों में हेमंत सरकार का अब अधिक दिनों तक जनता को गुमराह नहीं करने वाली. विजय जुलूस में एनडीए के कई कार्यकर्ता शामिल हुए.






