
Ranchi : झारखंड के साहिबगंज में महिला थाना प्रभारी रही रूपा तिर्की की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआइ की टीम एक-एक कड़ी को जोड़ते हुए जांच कर रही है. इस मामले में अभी तक कई पुलिसकर्मी और रूपा तिर्की के सहयोगियों से पूछताछ की गयी है.
सीबीआइ की टीम ने गुरुवार को दिन भर रूपा तिर्की की रूममेट और बैचमेट मनीषा से पूछताछ की है. रूपा के परिवारवालो ने आरोप लगाया था कि मनीषा ही रूपा को लेकर पंकज मिश्रा के पास गयी थी.
सीबीआइ ने गुरुवार को दिन भर मनीषा से जानने की कोशिश की कि रूपा को लेकर पंकज मिश्रा के पास किस कारण से गयी थी. वहीं जानकारी के अनुसार सीबीआइ ने मनीषा से और भी कई सवालों के जवाब जानना चाहा है.
इसे भी पढ़ें:यौन शोषण मामले में सुनील तिवारी की जमानत याचिका एससी-एसटी स्पेशल कोर्ट ने की खारिज
सीबीआइ की टीम इससे पहले भी मिर्जा चौकी थाना में पदस्थापित पुअनि सुमित्रा कश्यप से पूछताछ कर चुकी है.
हालांकि सीबीआइ ने मनीषा से पूछताछ में क्या-क्या जानकारी ली, इसका खुलासा नहीं हो सका है.
वैसे सूत्रों ने बताया कि सीबीआइ ने मनीषा से पूछा कि उन्हें घटना की कब और कैसे जानकारी मिली. रूपा से अंतिम बार कब उनकी मुलाकात हुई थी.
रूपा की रूममेट होने की वजह से रूपा ने कभी कोई बात बतायी थी कि वह तनाव में थी या नहीं. सीबीआइ मनीषा से पूछताछ के बाद कुछ और लोगों से पूछताछ कर सकती है.
इसे भी पढ़ें:वैक्सीनेशन की नई गाइडलाइंस जारी: दिव्यांगों और बुजुर्गों को घर के पास ही लगेगा टीका
सीबीआइ अब तक रूपा के रिश्तेदार समेत कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है. रांची में रूपा तिर्की की मां, बहन व घटना की खबर सुन कर बीते चार मई को यहां पहुंचने वाले कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ कर चुकी है.
बता दें कि अवर निरीक्षक रूपा तिर्की का शव 3 मई की शाम सरकारी क्वार्टर में संदिग्ध अवस्था में फांसी से लटका मिला था.
इसे भी पढ़ें: आत्मसमर्पण करनेवाले नक्सलियों को ओपन जेल में रखें: मुख्यमंत्री




