
- 12 करोड़ घोटाले के मामले में सीबीआइ जांच के बाद पहली बड़ी कार्रवाई
Giridih: फर्जी खाते के माध्यम से गिरिडीह के प्रधान डाकघर में तीन साल में 12 करोड की राशि के गबन की आंच की चपेट में अब कई बड़े ओहदेदार भी आ चुके हैं.
सीबीआइ जांच की सिफारिश और शुरुआती जांच रिपोर्ट के बाद झारखंड डाक परिमंडल ने प्रधान डाकघर के तीन बड़े कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है जिसमें प्रधान डाकपाल सोमनाथ मित्रा भी शामिल हैं.
वैसे गौर करने वाली बात यह भी है कि जिस प्रधान डाकपाल को घोटाले के आरोप में संस्पैंड किया गया है, उसी ने छह माह पहले नगर व मुफ्फसिल थाना में घोटाले का केस दर्ज कराया था.
इसे भी पढ़ें : रिम्स ने कोरोना वायरस के दो संदिग्धों के सैंपल को जांच के लिए पुणे भेजा
दो कर्मी पहले ही सस्पेंड
इधर शुक्रवार को इसकी पुष्टि करते हुए सहायक डाक अधीक्षक जगदीश सिंह ने बताया कि जिन पदाधिकारियों और कर्मियों को निलंबित किया है उसमें प्रधान डाकघर के प्रधान डाकपाल सोमनाथ मित्रा के अलावे डाकघर के खंजाची पवन सिंह और डाक सहायक फैयाज अंसारी शामिल हैं.
जबकि दो कर्मी पहले से ही इस आरोप में संस्पेंड किये जा चुके हैं जिसमें मो अल्ताफ और वासुदेव दास शामिल हैं.
वहीं अब तीन और पदाधिकारी और कर्मियों पर गिरे गाज ने साबित कर दिया कि 12 करोड़ की राशि गबन में अब तक जितने छोटे ओहदेदारों के नाम सामने आए हैं, सिर्फ वही नहीं हैं बल्कि कई बड़े पदाधिकारी शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें : #JBVNL के MD राहुल पुरवार वेटिंग फॉर पोस्ट, पूर्व CM के OSD राकेश भेजे गये हजारीबाग कमिश्नर ऑफिस
सभी भत्ते और सुविधाएं भी ली गयीं
डाक विभाग के सूत्रों की मानें तो परिमंडल के निदेशक ने बीते 28 जनवरी को तीनों को निलंबित किया था. परिमंडल निदेशक ने तीनों पर कार्रवाई करने के साथ ही तीनों के जीवन यापन भत्ता समेत डाक विभाग से मिली सारी सुविधाएं भी ले लिये गये हैं.
वैसे यह पहले से तय माना जा रहा था कि गिरिडीह के प्रधान डाकघर में इतने बड़े पैमाने पर हुए घोटाले की पटकथा लिखने में सिर्फ छोटे बाबुओं का हाथ नहीं, बल्कि कई बड़े ओहदेदारों की भूमिका है. लिहाजा, कार्रवाई से बचने के लिए प्रधान डाकघर के कई ओहदेदार तिकड़मबाजी करते रहे.
गौरतलब है कि प्रधान डाकघर के जिस प्रधान डाकपाल सोमनाथ मित्रा ने 12 करोड़ के भ्रष्टाचार का केस जिला मुख्यालय के नगर और मुफ्फसिल थाना में दर्ज कराया था, उसी प्रधान डाकपाल पर इसी आरोप में निलबन की कार्रवाई हुई है.
परिमंडल निदेशक ने की थी सीबीआइ जांच की सिफारिश
हालांकि भ्रष्टाचार के इस बड़े कारनामे के खिलाफ केस दर्ज किया गया, तो उस वक्त से ही झारखंड परिमंडल मान कर चल रहा था कि इतने बड़े घोटाले की पटकथा लिखने वाले बाबुओं को सामने लाने में संभवतः पुलिस नाकाम रहे.
लिहाजा, परिमंडल निदेशक ने 12 करोड़ के घोटाले की सीबीआइ जांच की सिफारिश कर दी. सिफारिश होने के तुंरत बाद सीबीआइ भी केस दर्ज कर जांच में जुटी. शुरुआती जांच में प्रधान डाकपाल के साथ खंजाची और डाक सहायक की भूमिका को मानते हुए पहली रिपोर्ट परिमंडल को सौंपी.
इसके बाद तीनों को निलबिंत किया गया. इधर तीनों पर गाज गिरने के बाद अब प्रधान डाकघर में यह चर्चा का विषय है. लिहाजा, कई कर्मी भी मान कर चल रहे है कि संभवत कई और बड़े पदाधिकारियों पर कार्रवाई अब भी बाकी है.
इसे भी पढ़ें : #RIMS के निदेशक डॉ दिनेश सिंह व लातेहार डीसी पर NHRC कर सकता है कार्रवाई




