
Ranchi: पूर्व मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव रहे सुनील कुमार के बाद जेबीवीएनएल के एमडी राहुल कुमार पुरवार दूसरे ऐसे आइएएस अधिकारी हैं जिन्हें वेटिंग फॉर पोस्ट के लिए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग में योगदान देने को कहा गया है.
इस संबंध में कार्मिक विभाग की ओर से शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी गयी है. वहीं पिछली सरकार में सीएम रघुवर दास के काफी करीबी और उनके ओएसडी राकेश चौधरी का तबादला करते हुए उन्हें हजारीबाग आयुक्त कार्यालय भेज दिया गया है.
राजीव अरुण एक्का को जेबीवीएनएल के एमडी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
राकेश चौधरी और राहुल कुमार पुरवार हाल के दिनों में सुर्खियों में थे. पूर्व मंत्री सरयू राय ने राहुल कुमार पुरवार पर कार्रवाई करने की मांग की थी. रघुवर सरकार में राहुल कुमार पुरवार पर कई तरह के आरोप लगे.
इसे भी पढ़ें : #RIMS के निदेशक डॉ दिनेश सिंह व लातेहार डीसी पर NHRC कर सकता है कार्रवाई
टाटा से भुगतान के एवज में कमीशन लेने का आरोप
इनमें सबसे संगीन आरोप टाटा कंपनी से भुगतान करने के एवज में कमीशन लेने का था. आरोप की जांच ऊर्जा विभाग की सचिव वंदना डाडेल से करायी गयी जिसमें आरोप सही पाये गये.
लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री ने जांच के बावजूद राहुल पुरवार पर कोई कार्रवाई नहीं की. सरयू राय की मांग के बाद मुख्यमंत्री हेमेत सोरेन ने कार्रवाई की और पुरवार को कार्मिक में योगदान करने का आदेश निकाल दिया गया.
इसे भी पढ़ें : #Bank हड़ताल: बंद रहीं 4500 शाखाएं, एक दिन में प्रभावित हुआ 11 हजार करोड़ का कारोबार
जनसंपर्क के निदेशक भी वेटिंग फॉर पोस्ट
राहुल पुरवार के अलावा सूचना एंव जनसंपर्क विभाग के निदेशक राम लखन प्रसाद गुप्ता को भी कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग में योगदान देने को कहा गया है.
अगले आदेश तक यह भी वेटिंग फॉर पोस्ट रहेंगे. राहुल पुरवार भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1999 बैच के अधिकारी है. वहीं राम लखन प्रसाद गुप्ता भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2006 बैच के अधिकारी हैं.
इसे भी पढ़ें : रघुवर दास ने ऐसे बचाया JBVNL के MD IAS राहुल पुरवार को, सचिव ने की थी कार्रवाई की अनुशंसा, पूर्व CM ने प्रभारी सचिव से मांगा मंतव्य




