
Koderma: जिला मुख्यालय स्थित बाघीटांड के एक होटल में शनिवार रात 8 बजे ठांय ठांय की आवाज हुई. इस गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार बाघीटांड में रांची पटना रोड के किनारे स्थित शांति मोटल में उक्त घटना हुई. शाम में हुए झड़प और विवाद के बाद रात के लगभग 8 बजे अपराधियों ने गोलीबारी की जिसमें जलवाबाद निवासी अमजार उर्फ राजन (32, पिता रेयाज उद्दीन) और नसीम (40) की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद इनमें एक को सदर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद सभी अपराधी बिहार की तरफ भाग गए. यह भी बताया जाता है कि शाम को खाने के बाद विवाद हुआ था. अपराधी वहां से निकल कर तिलैया गए और फिर वापस आकर घटना को अंजाम दिया. होटल पहुंचे अपराधियों ने घटना के दौरान 5-6 गोली मार कर दो युवकों की हत्या कर दी गयी. दोनों युवक होटल के कर्मी बताए जाते हैं. इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पटना रांची रोड को जाम कर दिया है.



