
Ranchi/Bokaro : राज्य सरकार ने तेनुघाट डैम एरिया को संवारने का फैसला लिया है. खासकर इसके इसमें इलेक्ट्रिक कार्यों के जरिये इसे जगमगाने का निर्णय हुआ है. डैम के टॉप रोड, गैलरी में बिजली कार्यों (इलेक्ट्रिफिकेशन) के जरिये उसे चमकाया जाना है. इससे रात में डैम की छवि देखते बनेगी. इसके अलावे डैम गैलरी का मेंटेनेंस वर्क भी एजेंसी की मदद से कराया जायेगा. इन सभी कामों पर ढाई करोड़ रुपये (2 करोड 57 लाख 60 हजार 292 रुपये) से भी अधिक राशि खर्च होगी. इस काम के लिए जल संसाधन विभाग, झारखंड (तेनुघाट बांध प्रमंडल, तेनुघाट, बोकारो) ने ई-टेंडर जारी भी कर दिया है.
जरूरी बिंदु
जल संसाधन विभाग ने फैसला लिया है कि जिस एजेंसी, संवेदक को निर्धारित काम आवंटित होगा, उसे सालभर (365 दिन) के भीतर अपना टास्क पूरा करना होगा. तेनुघाट डैम के इलेक्ट्रिफिकेशन काम के लिए 1 दिसंबर से 22 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा. 28 दिसंबर को निविदा को खोला जायेगा. टेंडर जमा करते समय इसके लिए (टेंडर विपत्र) 10 हजार रुपये जमा करने होंगे. जानकारी के लिए ई-प्रोक्योरमेंट पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 8789848809 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावे वेबसाइट https://www.jharkhandtenders.gov.in की भी मदद ली जा सकती है.
अनूठा है डैम
गौरतलब है कि तेनुघाट डैम एक फेमस टूरिस्ट स्पॉट भी है. दामोदर नदी पर बने इस तेनुघाट डैम को दूर दूर से लोग निहारने आते हैं. इसकी लोकप्रियता का मुख्य कारण है इसके मिट्टी की सीमा. इसकी सीमा चारों ओर से मिट्टी की ही है जो इसे काफी खास बनाती है. इस डैम की स्थापना 1973 में हुई थी. सन 1953 – 1959 के मध्य में तिलैया, कोनार, मैथन और पंचेत डैम का निर्माण किया गया था जिसका संचालन दामोदर घाटी परियोजना द्वारा किया जाता है. लेकिन 1973-1974 में बने इस तेनुघाट डैम का संचालन जल संसाधन विभाग, झारखंड (झारखंड सरकार) द्वारा स्वयं किया जाता है. दामोदर नदी के मुख्य धारा पर बने तेनुघाट डैम में 224 क्यूसेक जल संरक्षण एक साथ किया जा सकता है जो कि अपने आप में इसे और भी खास बनाता है. तेनुघाट डैम का निर्माण मुख्यतः दो कारणों से हुआ था. पहला कि इससे बोकारो स्टील प्लांट को जलसंचार हो सके. साथ ही साथ बोकारो इंडस्ट्रीयल एरिया में भी पानी की सप्लाई हो सके. एक अन्य कारण तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन को जल की आपूर्ति करना भी है.
इसे भी पढ़ें: मतदाता सूची में नाम जुड़वाना हो या सुधार करना हो तो जानें कहां जमा करना है आवेदन




