JharkhandLead NewsRanchi

सीएमओ ने अबुआ आवास योजना में मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई का दिया निर्देश

Ranchi : मुख्यमंत्री सचिवालय झारखंड ने राज्य की महत्वकांक्षी अबुआ आवास योजना में लगातार मिल रही गड़बड़ियों की शिकायत को गंभीरता से लिया है. सीएमओ ने इस संबंध में ग्रामीण विकास सचिव को पत्र भी लिखा है और शिकायतों की प्रति भी भेजी है. अपने पत्र में यह स्पष्ट कहा गया कि मुख्यमंत्री झारखंड को जन शिकायत कोषांग में उपलब्ध कराये गये विषयाधीन अभ्यावेदन, परिवाद के संबंध में नियमानुसार समुचित कार्रवाई करने की आवश्यकता है. मुख्यमंत्री सचिवालय ने कृत कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट 15 दिनो के अंदर मांगी है. बता दें कि, अबुआ आवास योजना  के क्रियान्वयन में कई गड़बड़ियां सामने आ रही है. लाभुकों के चयन में सबसे अधिक अनियमितता की शिकायत है, इसके अलावा विवादित भूमि पर गरीबों के लिए आवास स्वीकृत करना भी शामिल है. पंचायत सेवकों के द्वारा आवास योजना के बदले मोटी रकम की मांग करने की भी बात सामने आ रही है. सीएमओ ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया है और उचित कार्रवाई का निर्देश भी दिया है.

Related Articles

Back to top button