
Ranchi : राजधानी रांची के होटल कैपिटोल हिल के कमरे से भेल डीजीएम का शव मिला है. मृतक का नाम मनोज कुमार है और वह कैपिटोल हिल में रुके हुए थे. होटल से शव मिलने के बाद इस घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है. फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चला है.
मृतक मनोज कुमार बिहार के अररिया जिले के रहनेवाले थे. शनिवार सुबह उनके सहकर्मी ने नाश्ते के लिए कॉल किया तो फोन नहीं उठाया. दोपहर को जब मनोज कुमार को लंच के लिए फोन किया तो भी फोन नहीं उठाया. इसके बाद कमरे के दरवाजे को खटखटाया गया. उसके बाद भी मनोज कुमार ने अपना कमरा नहीं खोला. इसके बाद इस घटना की जानकारी हिंदपीढ़ी थाना की पुलिस को दी गयी. सूचना मिलने के बाद हिंदपीढ़ी थाने की पुलिस ने होटल पहुंच कर कमरे के दरवाजा को तोड़ कर शव को निकाला. हिंदपीढ़ी थाने की पुलिस ने बताया कि यह नेचुरल डेथ है, लेकिन इस घटना की सूचना मृतक के परिवारवालों को दे दी गयी है. मृतक के परिवारवाले वाराणसी में रहते हैं.
इसे भी पढ़ें : U-14 रग्बी राष्ट्रीय चैंपियनशिप: प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंची झारखंड की टीम




