JharkhandLead NewsRanchi

सामाजिक समरसता एवं न्याय सप्ताह के लिए भाजपा ने शुरू की तैयारी, 11 अप्रैल को हेमंत सरकार के खिलाफ हल्ला बोल

Ranchi: भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक हुई. प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में 5 अप्रैल से 16 अप्रैल तक मनाए जाने वाले सामाजिक समरसता एवं न्याय सप्ताह की तैयारियों पर चर्चा हुई. साथ ही 11 अप्रैल को रांची में 32 हजार गांवों से सचिवालय घेराव को लेकर आनेवाले पार्टी कार्यकर्ताओं और जरूरी तैयारियों की भी समीक्षा हुई. बैठक में दीपक प्रकाश ने कहा कि सेवा पखवाड़ा एवं न्याय सप्ताह का आयोजन भरपूर उत्साह के साथ होना है. जिन्हें भी इन कार्यक्रमों के लिए जिम्मेवारी दी गयी है या प्रभारी बनाया गया है, वे जरूरी तैयारियों को पूरा कर लें. साथ ही हेमंत सरकार के खिलाफ रांची में होनेवाले हल्ला बोल के लिए भी सभी अपने अपने स्तर से लग जाएं. जनता इस सरकार से त्रस्त है, ऐसे में हल्ला बोल कार्यक्रम एक बड़ा जनांदोलन के तौर पर दिखेगा. पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा लगातार विभिन्न कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जाकर समरसता बढ़ाने का कार्य करती है. सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास मंत्र को साकार करने में भी यह पार्टी जुटी है. सब मिलकर सेवा पखवाड़ा सप्ताह को सफल बनाएं. बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी मुख्य रूप से उपस्थित थे.

ये होने हैं कार्यक्रम

5 अप्रैल को महिला मोर्चा द्वारा स्वच्छता अभियान मंडल स्तर पर मनाया जाएगा. 6 अप्रैल को स्थापना दिवस बूथ स्तर पर मनाया जाना तय हुआ है. 7 अप्रैल को अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा मंडल स्तर पर मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा. 7 अप्रैल को ही अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा जिला स्तर पर फल वितरण किया जाएगा. 13 अप्रैल को अनुसूचित जाति के द्वारा जिला स्तर पर सभी महापुरुषों की प्रतिमा की सफाई एवं बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा. 14 अप्रैल को बूथ स्तर पर बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर की जयंती मनाई जाएगी. 15 अप्रैल को ओबीसी मोर्चा द्वारा मंडल स्तर पर प्रधानमंत्री द्वारा पिछड़े एवं गरीब वर्ग के लिए किए गए कार्यो की चर्चा का कार्यक्रम होगा. 16 अप्रैल को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा जिला स्तर पर निःशुल्क स्वास्थ परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे.

इसे भी पढ़ें: TCIL के विस्तार परियोजना के ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कहा- राज्य में उद्योग लगेंगे तो रोजगार सृजन होगा

Related Articles

Back to top button