JharkhandLead NewsRanchi

हेमंत सरकार आतंकवाद के खिलाफ गंभीर नहीं: बाबूलाल

Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर आतंकवाद के खिलाफ गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया. कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरा देश एकजुट होकर इस्लामिक आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है. केंद्र और राज्य सरकारें कंधे से कंधा मिलाकर आतंकवाद के सफाए के लिए प्रतिबद्ध हैं. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सभी मुख्यमंत्रियों से अपने-अपने राज्यों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर करने का निर्देश दिया था. लेकिन झारखंड में हेमंत सरकार आतंकवाद के विरुद्ध ठोस कदम उठाने के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है. इसके विपरीत झामुमो के मंत्री और प्रवक्ता गैर-जिम्मेदाराना और संवेदनहीन बयान दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि सीएम को राजनीति करने के लिए कई अवसर मिलेंगे, लेकिन इस कठिन समय में साढ़े तीन करोड़ झारखंडवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ राज्य में आतंकियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए. राज्य में आतंकियों की बढ़ती सक्रियता ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. पुलिस भले ही समय-समय पर आतंकियों को गिरफ्तार कर रही हो, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इन आतंकियों को पनाह कौन दे रहा है? इन्हें संसाधन कौन उपलब्ध करा रहा है? राज्य की जनता यह जानना चाहती है. सिर्फ गिरफ्तारी से आतंकवाद की समस्या को जड़ से खत्म नहीं किया जा सकता. जब तक इनके पूरे नेटवर्क और मददगारों का पर्दाफाश नहीं होगा, तब तक राज्य पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो सकता.

Related Articles

Back to top button